लागत में कटौती के नाम पर अपने कर्मचारियों की छंटनी करने वाले भारतीय स्टार्ट अप की सूची में अब Google की समर्थन वाली डिलिवरी प्लेटफॉर्म Dunzo भी शामिल हो गई है। कंपनी ने रिसट्रक्चरिंग का हवाला देते हुए अपने 3 फीसदी कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
Dunzo के संस्थापक और सीईओ कबीर विश्वास ने कहा, जब हम 10 से 100 के पैमाने पर होते हैं, हम सीख रहे हैं कि पैमाने पर व्यावसायिक प्रक्रियाओं को कैसे फिर से परिभाषित किया जाए। कोई भी निर्णय जो लोगों को प्रभावित करता है कठिन होता है और हमेशा हमारा अंतिम विकल्प होता है। पिछले हफ्ते, हमें अपनी टीम की ताकत को 3 फीसदी कम करना पड़ा।
LinkedIn पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, Dunzo के पास करीब 3,000 कर्मचारी हैं। 3 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी का अर्थ है कि स्टार्टअप ने लगभग 90 कर्मचारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर कंपनी ने निकाले गए कर्मचारियों की संख्या का खुलासा नहीं किया।
यह भी पढ़ें: Swiggy ने अपने डिलिवरी एग्जीक्यूटिव के लिए शुरू की फ्री एंबुलेंस सेवा
विश्वास ने कहा कि संख्या चाहे जो भी हो, ये वे लोग हैं जिन्होंने Dunzo के साथ अपना करियर बनाने का विकल्प चुना था। यह दुखद है कि प्रतिभाशाली सहयोगी हमें छोड़कर चले गए। हम इस परिवर्तन के दौरान उनकी मदद के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।