उद्योग

फ्लाइट में देरी और कैंसिलेशन के बीच DGCA की पायलटों से अपील: उड़ान सुचारु रखने के लिए पूरा सहयोग दें

DGCA के डायरेक्टर जनरल फैज अहमद किदवई ने कहा कि मौसम, छुट्टियों का पीक और शादी-ब्याह का ट्रैवल सीजन शुरू होने वाला है, इसलिए सबको मिलकर उड़ानें सुचारु रखनी होंगी

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- December 05, 2025 | 3:32 PM IST

इंडिगो की उड़ानों में हो रही भारी देरी और कैंसिलेशन के बीच एविएशन रेगुलेटर DGCA के डायरेक्टर जनरल फैज अहमद किदवई ने देश भर के सभी पायलटों से एक अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम की मार, यात्रियो की बढ़ती संख्या और ऑपरेशनल दिक्कतों की वजह से पूरा सेक्टर दबाव में है। ऐसे में अब कोहरे का मौसम, छुट्टियों का पीक और शादी-ब्याह का ट्रैवल सीजन शुरू होने वाला है, इसलिए सबको मिलकर उड़ानें सुचारु रखनी होंगी।

किदवई ने शुक्रवार को पायलट एसोसिएशन्स और सभी पायलटों से कहा कि आने वाले दिन और चुनौतीपूर्ण होंगे। यात्री संख्या तेजी से बढ़ने वाली है और खराब मौसम से शेड्यूल बिगड़ने का खतरा ज्यादा है। ऐसे में अनावश्यक देरी और कैंसिलेशन को कम से कम करना होगा। उन्होंने पायलटों और एयरलाइंस के बीच बेहतर तालमेल की बात भी कही ताकि स्थिति को सुरक्षित और पहले से ही संभाला जा सके।

Also Read: क्रू मेंबर्स की कमी या तकनीकी दिक्कतें: क्यों उड़ान नहीं भर पा रहें इंडिगो के विमान? 70 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल

फ्लाइट ड्यूटी टाइम नियमों में कोई ढील नहीं

कुछ लोगों के मन में यह बात उठ रही थी कि क्या DGCA फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नियमों में छूट देगा? इस पर DGCA ने साफ कहा कि वह सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करेगा और नए FDTL नियमों को पूरी सख्ती से लागू करेगा। दरअसल इंडिगो की मौजूदा दिक्कतों की एक बड़ी वजह यही नया FDTL नियम है, जिसका दूसरा फेज 1 नवंबर से लागू हो गया। पहले से प्लानिंग में कमी की वजह से क्रू की कमी हो गई, जिसका असर अब उड़ानों पर साफ दिख रहा है। यात्री परेशान हैं, एयरलाइंस पर दबाव है और पूरा विमानन क्षेत्र मुश्किल दौर से गुजर रहा है। DGCA चीफ ने उम्मीद जताई कि पायलटों का पूरा सहयोग मिलेगा और आने वाले व्यस्त दिन बिना बड़े झटके के निकल जाएंगे।

(PTI के इनपुट के साथ)

First Published : December 5, 2025 | 2:56 PM IST