उद्योग

Penna Cement: पेन्ना सीमेंट की खरीद से ग्रुप को क्या फायदा होगा? अदाणी समूह ने बताई ये बात

अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने बृहस्पतिवार को हैदराबाद स्थित पेन्ना सीमेंट को 10,422 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर नकद सौदे में खरीदने की घोषणा की।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 14, 2024 | 9:26 PM IST

देश के दूसरे बड़े सीमेंट उत्पादक अदाणी समूह ने शुक्रवार को कहा कि वह मौजूदा परियोजनाओं के विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रहा है और पेन्ना सीमेंट के अधिग्रहण से उसे 14 करोड़ टन प्रति वर्ष की उत्पादन क्षमता हासिल करने में मदद मिलेगी। अरबपति कारोबारी गौतम अदाणी के स्वामित्व वाले अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स ने बृहस्पतिवार को हैदराबाद स्थित पेन्ना सीमेंट को 10,422 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर नकद सौदे में खरीदने की घोषणा की।

इस अधिग्रहण से समूह को न केवल दक्षिण भारत में अपनी उपस्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी, बल्कि वह श्रीलंका के बाजार में भी प्रवेश कर सकेगा। सौदे के बाद शुक्रवार को एक निवेशक चर्चा में अंबुजा सीमेंट्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और पूर्णकालिक निदेशक अजय कपूर ने कहा, ”सौदे की दिलचस्प बात यह है कि इससे अंबुजा को श्रीलंका में एक बार फिर प्रवेश मिलेगा।”

इससे पहले, अंबुजा सीमेंट का श्रीलंका में एक थोक सीमेंट टर्मिनल था, जो बाद में स्विटजरलैंड की भवन निर्माण सामग्री बनाने वाली कंपनी होल्सिम का हिस्सा बन गया। होल्सिम ने 2022 में भारत का अपना सीमेंट व्यवसाय अदाणी समूह को बेच दिया था।

विलय और अधिग्रहण के बारे में पूछने पर कपूर ने कहा कि इससे कंपनी के सफर को रफ्तार मिलेगी। हालांकि उन्होंने आगे टिप्पणी से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कंपनी मौजूदा परियोजनाओं के विस्तार पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिसके लिए पहले से ही चार करोड़ टन प्रति वर्ष की योजना है।

First Published : June 14, 2024 | 9:26 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)