कंपनियां

GQG पार्टनर्स ने Adani Group की दो कंपनियों में हिस्सेदारी बढ़ाई

GQG ने 28 जून को अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और अक्षय ऊर्जा फर्म अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड में एक अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश किया।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 02, 2023 | 3:40 PM IST

अमेरिकी निवेश कंपनी जीक्यूजी पार्टनर्स ने अदाणी समूह की दो कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर पांच प्रतिशत से ज्यादा कर दी है। जीक्यूजी ने 28 जून को अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और अक्षय ऊर्जा फर्म अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड में एक अरब डॉलर (8,265 करोड़ रुपये) का अतिरिक्त निवेश किया।

शेयर बाजार को दी जानकारी के अनुसार अदाणी एंटरप्राइजेज में यह हिस्सेदारी बिक्री एक थोक सौदे के तहत हुई, जिसमें जीक्यूजी ने 1.79 करोड़ या 1.58 प्रतिशत अतिरिक्त शेयर खरीदकर अपनी हिस्सेदारी 6.15 करोड़ शेयर या 5.4 प्रतिशत कर दी।

शेयर बाजार को दी गई एक अन्य सूचना के अनुसार, उद्योगपति गौतम अडाणी और उनके भाई राजेश एस अदाणी ने प्रवर्तक परिवार के शेयर बेचे हैं। इसके बाद अदाणी एंटरप्राइजेज में अदाणी परिवार की हिस्सेदारी 69.23 प्रतिशत से घटकर 67.65 प्रतिशत रह गई है।

जानकारी के अनुसार, अदाणी ग्रीन एनर्जी में जीक्यूजी ने 4.47 करोड़ या 2.82 प्रतिशत अतिरिक्त शेयर खरीदकर अपनी हिस्सेदारी 10.35 करोड़ शेयर या 6.54 प्रतिशत कर दी है। शेयर बाजार को दी सूचना में इन सौदों की राशि के बारे में नहीं बताया गया, लेकिन सूत्रों का कहना है कि अमेरिकी कंपनी ने समूह की दोनों कंपनियों के शेयर 50-50 करोड़ डॉलर में खरीदे हैं।

First Published : July 2, 2023 | 3:40 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)