अल्फाबेट इंक की गूगल अपने प्रमुख बाजार भारत में अपने स्टोर के बारे में जल्द ही फैसला कर सकती है। वह अमेरिका के बाहर भारत में अपना पहला फिजिकल स्टोर खोलेगी। इस मामले की जानकारी रखने वाले तीन सूत्रों ने यह जानकारी दी। गूगल भारत को बढ़ोतरी वाला प्रमुख बाजार मानती है। यहां उसने 10 अरब डॉलर का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है। वर्तमान में इसके केवल पांच फिजिकल स्टोर हैं और ये सभी अमेरिका में हैं जहां इसके पिक्सेल फोन, घड़ियां और ईयरबड्स जैसे उत्पाद बेचे जाते हैं।
उसका इरादा खुदरा बिक्री के लिए वैसा ही दृष्टिकोण अपनाना है, जिसने ऐपल इंक की पिछले दो दशकों में अरबों डॉलर कमाने में मदद की है। दुनिया भर में ऐपल के 500 से ज्यादा स्टोर हैं। सूत्रों ने बताया कि गूगल राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली और वित्तीय राजधानी मुंबई में या आसपास के स्थानों को तय करने के अंतिम चरण में है। सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह प्रक्रिया गोपनीय है। गूगल ने भी इस विषय पर टिप्पणी से इनकार कर दिया।
एक सूत्र ने कहा कि ये स्टोर करीब 15,000 वर्ग फुट में होने की संभावना है और इनको खुलने में कम से कम छह महीने लगेंगे। हालांकि समयसीमा में बदलाव हो सकता है। सूत्र ने कहा कि दक्षिण भारत के आईटी केंद्र बेंगलूरु पर भी विचार किया गया। लेकिन नई दिल्ली और मुंबई सबसे आगे हैं।
सूत्र ने कहा कि ऐपल के साथ प्रतिस्पर्धा करने की योजना है, खास तौर पर लग्जरी श्रेणी को ध्यान में रखकर। अगर शुरुआती स्टोर अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो और ज्यादा स्टोरों पर विचार किया जाएगा। फिलहाल गूगल ऐपल की तरह भारत में अपने उत्पादों को अधिकृत खुदरा विक्रेताओं के जरिये बेचती है। लेकिन साल 2023 में ऐपल के मुख्य कार्य अधिकारी टिम कुक भारत आए। पहले मुंबई में और फिर नई दिल्ली में कंपनी संचालित स्टोर को उन्होंने उद्घाटन किया था।