भारत में पिछले वित्त वर्ष के दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की खुदरा बिक्री सभी श्रेणियों में बढ़ी है। इस दौरान यात्री और दोपहिया वाहनों सहित सभी तरह के इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण तेजी से बढ़ा। वाहन डीलरों के संगठन फाडा ने यह जानकारी दी है।
इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की कुल बिक्री 2023-24 में सालाना आधार पर 91 प्रतिशत बढ़कर 90,996 इकाई हो गई, जो 2022-23 में 47,551 इकाई थी। टाटा मोटर्स ने बीते वित्त वर्ष में 64,217 इकाइयों के पंजीकरण के साथ इस क्षेत्र का नेतृत्व किया। यह आंकड़ा 2022-23 की 38,728 इकाइयों से 66 प्रतिशत अधिक है। दूसरी ओर 2023-24 में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का पंजीकरण 30 प्रतिशत बढ़कर 9.47 लाख इकाई हो गया।