कोल इंडिया का शुद्ध लाभ 24 फीसदी घटा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:42 AM IST

वित्त वर्ष 2020-21 में कोल इंडिया का शुद्ध लाभ 23.9 फीसदी घट गया, जिस पर कोरोना महामारी के कारण बिजली व धातु क्षेत्र की कम मांग का असर पड़ा। वित्त वर्ष 21 में कंपनी का शुद्ध लाभ 12,720 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 16,700 करोड़ रुपये रहा था।
मांग में गिरावट के कारण कंपनी के मुनाफे में बड़ी गिरावट आई। 2016-17 में कंपनी का लाभ 30 फीसदी घटा था, लेकिन 2018-19 में 100 फीसदी की उछाल के साथ इसमें काफी सुधार हो गया था। हालांकि लाभ व आय के स्तर पर वित्त वर्ष 20 काफी हद तक 2017 के करीब है।
कंपनी की आय इस दौरान 8.5 फीसदी घटी। 2020-21 में कुल आय 93,818 करोड़ रुपये रही। परिचालन राजस्व भी सालाना आधार पर 6.3 फीसदी घटा और वित्त वर्ष 21 में 90,026 करोड़ रुपये रहा।
कर्मचारियों पर कंपनी का खर्च हालांकि तीन साल के निचले स्तर पर है, लेकिन यह पिछले वित्त वर्ष बढ़ा। यह 38,967 करोड़ रुपये रहा। कंपनी यह खर्च घटाने पर विचार कर रही है क्योंकि वह अपना कार्यबल घटाना चाहती है।
साल के दौरान सीआईएल ने खास तौर से अपने बिजली क्षेत्र के ग्राहकों से मांग में कमी का सामना किया। वित्त वर्ष 21 के दौरान गर्मी के मौसम में बिजली की मांग 24 फीसदी तक घट गई क्योंकि कोरोना के कारण लॉकडाउन रहा और वाणिज्यिक व औद्योगिक गतिविधियां नरम रहीं। फरवरी में कोरोना की दूसरी लहर ने मांग पर और असर डाला। कंपनी ने कोयला उत्पादन में 0.9 फीसदी की गिरावट और उठान में 1.2 फीसदी की कमी दर्ज की। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का उत्पादन 59.6 करोड़ टन और उठान 57.4 करोड़ टन रहा।
कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 21 के लिए 3.50 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के  अंतिम लाभांश की घोषणा की है और यह शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर करेगा। इससे पूर्व कंपनी ने 12 रुपये प्रति शेयर का लाभांश दिया था और उस पर कुल 7,395 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।

First Published : June 14, 2021 | 9:27 PM IST