कंपनियां

Altice UK से बीटी समूह में करीब 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी भारती ग्लोबल

भारती टेलीवेंचर्स यूके ने बीटी समूह की मौजूदा पूंजी में करीब 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने के लिए अल्टाइस यूके के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 12, 2024 | 1:49 PM IST

भारती एंटरप्राइजेज की अंतरराष्ट्रीय निवेश शाखा भारती ग्लोबल, बीटी समूह में करीब 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी का अल्टाइस यूके से अधिग्रहण करेगी। सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

हालांकि, विज्ञप्ति में सौदे के आकार का खुलासा नहीं किया गया, लेकिन बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि बीटी के करीब 15 अरब अमेरिकी डॉलर के मूल्यांकन पर यह सौदा लगभग चार अरब अमेरिकी डॉलर के आसपास बैठ सकता है। ये हिस्सेदारी भारती टेलीवेंचर्स यूके के जरिये खरीदे जाएंगे। यह भारती ग्लोबल द्वारा स्थापित व पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है।

भारती टेलीवेंचर्स यूके ने बीटी समूह की मौजूदा पूंजी में करीब 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने के लिए अल्टाइस यूके के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जबकि बीटी की शेष करीब 14.51 प्रतिशत शेयर पूंजी का अधिग्रहण नियामक मंजूरी के बाद किया जाएगा।

विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘ भारती ग्लोबल, दूरसंचार डिजिटल अवसंरचना तथा अंतरिक्ष संचार में विश्व स्तरीय कंपनियों वाले अग्रणी भारतीय व्यापार समूह भारती एंटरप्राइजेज की अंतरराष्ट्रीय निवेश शाखा है। उसने अल्टाइस यूके से बीटी समूह की 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक समझौता किया है…’’

बीटी ने 1997 में भारती एयरटेल में 21 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की थी और अब इस प्रतिष्ठित ब्रिटिश कंपनी में 24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का भारती का कदम भारतीय दूरसंचार समूह के लिए एक निर्णायक क्षण है।

भारती एंटरप्राइजेज के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा, ‘‘ भारती और ब्रिटिश टेलीकॉम (बीटी) के बीच दो दशक से भी अधिक पुराना संबंध है। बीटी के 1997-2001 तक भारती एयरटेल लिमिटेड के निदेशक मंडल में दो सदस्य थे और उसके पास 21 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। भारती समूह के इतिहास में आज यह एक महत्वपूर्ण क्षण है क्योंकि हम बीटी में निवेश कर रहे हैं, जो प्रतिष्ठित ब्रिटिश कंपनी है।’’

First Published : August 12, 2024 | 1:49 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)