हल्दी के दाम तेजी से चढ़ रहे हैं। बीते एक महीने के दौरान इसके दाम 16 फीसदी चढ़ चुके हैं। जानकाराें के मुताबिक इसकी कीमतों में तेजी की वजह उत्पादन अनुमान से कम रहने के बीच निर्यात मांग बढ़ना है। इसके अलावा स्टॉकिस्ट भी खरीद बढ़ा रहे हैं। जानकारों के मुताबिक अगर निर्यात मांग इसी तरह मजबूत रही और मुनाफावसूली नहीं हुई तो आने वाले दिनों में हल्दी के भाव ₹20,000 प्रति क्विंटल का स्तर छू सकते हैं।
कमोडिटी एक्सपर्ट और एग्रोकॉर्प इंटरनेशनल में रिसर्च हेड इंद्रजीत पॉल ने हल्दी में मौजूदा तेजी केवल तकनीकी नहीं बल्कि मजबूत फंडामेंटल पर आधारित है। पिछले कुछ महीनों में बाजार को यह महसूस हुआ है कि 2025-26 सीजन का वास्तविक उत्पादन शुरुआती अनुमान ( करीब 11.4 लाख टन) से कम रह सकता है, जबकि घरेलू खपत मजबूत बनी हुई है। कम कैरी-फॉरवर्ड स्टॉक और किसानों की सीमित बिकवाली ने भी कीमतों को अतिरिक्त समर्थन दिया है।
कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता ने कहा कि इस समय हल्दी के फंडामेंटल मजबूत है। हल्दी में घरेलू मांग भी खूब निकल रही है। इसके साथ ही पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के कारण इसकी निर्यात मांग भी बढ़ रही है। अप्रैल महीने में 15,039 टन हल्दी का निर्यात हुआ, जो पिछले साल के इसी महीने के हल्दी निर्यात 14,957 टन से ज्यादा है।
Also Read: कच्चे तेल में उतार चढ़ाव, 72 डॉलर के पास टिकी कीमतें; होर्मुज और ट्रंप के बयान पर बाजार की नजर
पॉल ने कहा कि यदि मौजूदा तेजी बनी रहती है और बड़े पैमाने पर मुनाफावसूली नहीं आती है तो हल्दी का अगला पहला टारगेट ₹19,000-19,100 रुपये रहने वाला है। इस स्तर को पार करने के बाद अगर हल्दी की निर्यात मांग बनी रहती और सप्लाई में कमी आती है तो इसका दूसरा टारगेट ₹19,500-20,000 प्रति क्विंटल है।
अनुज गुप्ता भी मानते हैं कि मौजूदा हालात से हल्दी में आगे तेजी ही नजर आ रही है। हालांकि बेहतर मॉनसून और नई फसल की अनुकूल स्थिति ऊंचे भाव पर हल्दी में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिल सकती है। जिससे भाव थोड़ा नीचे भी आ सकते हैं।
बीते एक माह में हल्दी के भाव काफी बढ़ चुके हैं। कमोडिटी एक्सचेंज कमोडिटी एक्सचेंज नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) पर हल्दी के अगस्त कॉन्ट्रैक्ट के भाव 10 जून को ₹16,150 पर बंद हुए थे, जो शुक्रवार (10 जुलाई) बढ़कर ₹18,740 प्रति क्विंटल के दिन के उच्च स्तर तक चढ़ गया। इस तरह महीने भर में इस कॉन्ट्रैक्ट में करीब 16 फीसदी तेजी आ चुकी है। इस महीने की बात करें तो इसके भाव 10 दिनों में करीब 7 फीसदी चढ़ चुके हैं।