कमोडिटी

जंग के बीच कच्चा तेल 1 डॉलर महंगा होने पर, कितने बढ़ेंगे पेट्रोल-डीजल के दाम? समझिए कैलकुलेशन

पश्चिम एशिया तनाव से ब्रेंट 78 डॉलर पर, होरमुज मार्ग पर खतरे के बीच 90-100 डॉलर तक जाने की आशंका; महंगाई और चालू खाते पर दबाव संभव

Published by
पुनीत वाधवा   
Last Updated- March 02, 2026 | 9:34 AM IST

Crude Oil Price: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर साफ दिख रहा है। सोमवार को ब्रेंट कच्चा तेल करीब 8 प्रतिशत बढ़कर 78 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। पिछले एक सप्ताह में तेल की कीमतों में लगभग 10 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। इसकी मुख्य वजह अमेरिका, ईरान और इजराइल के बीच बढ़ता टकराव माना जा रहा है।

होरमुज मार्ग पर बढ़ी चिंता

दुनिया का करीब 20 प्रतिशत कच्चा तेल स्ट्रेट ऑफ होरमुज से होकर गुजरता है। भारत के कुल कच्चे तेल आयात का 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सा इसी मार्ग से आता है। ऐसे में इस रास्ते पर किसी भी तरह की बाधा भारत के लिए बड़ी चिंता का कारण बन सकती है। रिपोर्टों में कहा गया है कि इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही पर असर पड़ा है। हालांकि इसे पूरी तरह और लंबे समय के लिए बंद किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। अब यह इस बात पर निर्भर करेगा कि तेल की सप्लाई कितने समय तक और कितनी ज्यादा प्रभावित होती है, उसी से आगे कीमतें तय होंगी।

कितनी बढ़ सकती हैं Crude Oil कीमतें

जेएम फाइनेंशियल के विश्लेषकों का कहना है कि अगर तनाव ज्यादा नहीं बढ़ता, तो तेल की कीमतें 5 से 10 डॉलर प्रति बैरल तक और बढ़ सकती हैं। अगर ईरान के तेल ठिकानों को नुकसान होता है, तो कीमतें 10 से 12 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ सकती हैं। अगर स्ट्रेट ऑफ होरमुज में बड़ी रुकावट आती है, तो तेल 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जा सकता है। और अगर पूरे क्षेत्र में बड़ा युद्ध छिड़ जाता है, तो कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से भी ज्यादा हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ा तो तेल कीमतें 110 डॉलर तक जाने की आशंका, होर्मुज स्ट्रेट बना सबसे बड़ा जोखिम

इतिहास में Crude Oil की बड़ी छलांगें

इतिहास बताता है कि 1973-74 के योम किप्पुर युद्ध और अरब तेल प्रतिबंध के दौरान तेल की कीमतों में सबसे बड़ी उछाल आई थी। उस समय कीमतें 3 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 12 डॉलर प्रति बैरल हो गई थीं, यानी करीब 300 प्रतिशत की वृद्धि देखने तो मिली थी। दूसरी बड़ी तेजी 1978-80 के दौरान ईरान की क्रांति के समय दर्ज की गई, जब तेल 14 डॉलर से बढ़कर लगभग 39 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। इसके अलावा ईरान-इराक युद्ध, खाड़ी युद्ध और इराक युद्ध के दौरान भी कीमतों में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई थी।

भारत पर संभावित आर्थिक असर

विश्लेषकों का कहना है कि अगर तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहती हैं, तो इससे महंगाई बढ़ सकती है और अर्थव्यवस्था पर दबाव पड़ सकता है। एमके ग्लोबल के अनुसार, ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत में हर 1 डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी से डीजल करीब 0.52 रुपये प्रति लीटर और पेट्रोल करीब 0.55 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो सकता है।

यदि तेल 10 डॉलर प्रति बैरल महंगा होता है तो चालू खाते का घाटा सकल घरेलू उत्पाद के मुकाबले लगभग 0.5 प्रतिशत बढ़ सकता है। खुदरा महंगाई में करीब 0.35 प्रतिशत और थोक महंगाई में लगभग 1.30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। आर्थिक वृद्धि दर पर 0.15 से 0.20 प्रतिशत तक असर पड़ने का अनुमान है।

एमके ग्लोबल की मुख्य अर्थशास्त्री माधवी अरोड़ा के अनुसार, 65 डॉलर प्रति बैरल के अनुमान के मुकाबले यदि कीमतें 10 डॉलर ज्यादा रहती हैं, तो इसका असर इस बात पर निर्भर करेगा कि अतिरिक्त बोझ सरकार, तेल कंपनियां और उपभोक्ता किस तरह साझा करते हैं।

First Published : March 2, 2026 | 9:06 AM IST