कमोडिटी

पश्चिम एशिया तनाव से सोने में उछाल, मजबूत डॉलर और फेड नीति की चिंता से तेजी सीमित

जनवरी में 5,594.82 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने वाला सोना सोमवार को शुरू में 5,400 डॉलर से ऊपर उछल गया था

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- March 05, 2026 | 9:26 PM IST

पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के बीच सुरक्षित निवेश की मांग में तेजी के चलते गुरुवार को सोने की कीमतों में उछाल आई। हालांकि मजबूत डॉलर और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति को लेकर चिंताओं ने इस उछाल को सीमित कर दिया। हाजिर सोना 10.30 बजे (जीएमटी) तक 0.4 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 5,156.11 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जबकि अप्रैल डिलिवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.7 फीसदी के इजाफे के साथ 5,168.20 डॉलर के स्तर पर जा पहुंचा।

जनवरी में 5,594.82 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने वाला सोना सोमवार को शुरू में 5,400 डॉलर से ऊपर उछल गया था क्योंकि ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल के हवाई लड़ाई की शुरुआत ने सुरक्षित निवेश की मांग को बढ़ावा दिया, लेकिन डॉलर के भी निवेश के सुरक्षित ठिकाने की ओर पलायन से लाभ होने के कारण वह उच्च स्तरों से नीचे आ गया।

ईरानी मिसाइलों द्वारा लाखों इजरायलियों को बम से सुरक्षित ठिकाने में भागने पर मजबूर करने के बाद इजरायल ने गुरुवार को तेहरान पर हमलों की एक और बड़ी लहर शुरू की। इनमें उसने ईरानी अधिकारियों से संबंधित बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया।

कैपिटल इकनॉमिक्स के जलवायु और कमोडिटी अर्थशास्त्री हमाद हुसैन ने कहा, एक तरफ पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को देखते हुए सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ सकती है। दूसरी तरफ, ऊर्जा की कीमतों में लंबे समय तक वृद्धि का जोखिम (जिससे ब्याज दरों में कटौती की संभावना खत्म हो जाती है और बढ़ोतरी की संभावना होती है) आगे की बढ़त को सीमित कर सकता है। अमेरिकी डॉलर तीन महीने के उच्चतम स्तर से मामूली गिरावट के बाद लगभग 0.2 फीसदी बढ़ा क्योंकि युद्ध के नतीजों ने वैश्विक बाजारों को प्रभावित किया और बाजार के सेंटिमेंट को कमजोर बनाए रखा।

ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताओं के कारण तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और मुद्रास्फीति का डर बढ़ रहा है। सोने को लंबी अवधि में मुद्रास्फीति के खिलाफ बचाव माना जाता है, लेकिन ब्याज दरें कम होने पर भी इसकी कीमत बढ़ने की संभावना रहती है क्योंकि यह नॉन-यील्डिंग परिसंपत्ति है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने बुधवार को आधिकारिक तौर पर पूर्व फेडरल रिजर्व गवर्नर केविन वॉर्श को अमेरिकी केंद्रीय बैंक के अगले चेयरमैन के रूप में नामित किया। फेडरल रिजर्व ने बुधवार को अपनी नवीनतम बेज बुक रिपोर्ट में कहा कि हाल के हफ्तों में अमेरिकी आर्थिक गतिविधियों में मामूली वृद्धि हुई, कीमतों में वृद्धि जारी रही और रोजगार का स्तर स्थिर रहा।

Also Read | भूराजनीति पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हैं बाजार, फिर आगे बढ़ जाते हैं: जिम रोजर्स

सीएमई ग्रुप के फेडवॉच टूल के अनुसार, बाजारों को उम्मीद है कि फेड 18 मार्च को अपनी अगली नीति बैठक में ब्याज दरों को स्थिर रखेगा। निवेशक गुरुवार को जारी होने वाले अमेरिकी बेरोजगारी के साप्ताहिक आंकड़ों और शुक्रवार को जारी होने वाली फरवरी महीने की अमेरिकी रोजगार रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि इस साल की मौद्रिक नीति के बारे में और अधिक जानकारी मिल सके।

हाजिर चांदी में 0.8 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 84.1 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। प्लैटिनम में लगभग 1 फीसदी का इजाफा हुआ और यह 2,168.05 डॉलर पर पहुंच गया जबकि पैलेडियम में 0.9 फीसदी की गिरावट आई और यह 1,659.35 डॉलर पर आ गया।

First Published : March 5, 2026 | 9:22 PM IST