आज का अखबार

ईटीएफ के कीमत दायरे की समीक्षा का सेबी का प्रस्ताव

इस महीने की शुरुआत में टी-2 आधारित कीमत दायरे के कारण सोने और चांदी के ईटीएफ में समस्याएं पैदा हो गई थीं।

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- February 13, 2026 | 11:04 PM IST

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने शुक्रवार को एक परामर्श पत्र जारी किया, जिसमें एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) के लिए आधार कीमत निर्धारण और कीमत दायरे के मानदंडों की व्यापक समीक्षा का प्रस्ताव है। मौजूदा ढांचे के तहत इसमें अंतर्निहित परिसंपत्तियों के साथ असंगति और परिचालन जोखिमों पर चिंता व्यक्त की गई है।

वर्तमान में स्टॉक एक्सचेंज अधिकांश ईटीएफ पर 20 फीसदी की एकसमान मूल्य सीमा लागू करते हैं और इसमें आधार मूल्य के रूप में टी-2 में बंद नेट ऐेसेट वैल्यू (एनएवी) का उपयोग किया जाता है। सेबी ने कहा कि इस चलन से एक दिन का अंतर्निहित अंतराल पैदा होता है, कॉरपोरेट कार्रवाइयों के समायोजन में मानवीय त्रुटियों का जोखिम बढ़ जाता है। इसके परिणामस्वरूप अत्यधिक व्यापक ट्रेडिंग रेंज बन सकती हैं, जो अंतर्निहित प्रतिभूतियों की अस्थिरता को प्रतिबिंबित नहीं करती हैं।

इस महीने की शुरुआत में टी-2 आधारित कीमत दायरे के कारण सोने और चांदी के ईटीएफ में समस्याएं पैदा हो गई थीं। कीमती धातुओं की कीमतों में बढ़ती अस्थिरता के बीच बीएसई ने 1 फरवरी को घोषणा की थी कि वह सोने और चांदी के ईटीएफ के कीमत दायरे की गणना के लिए टी-1 एनएवी का उपयोग करेगा।

इस समस्या के समाधान के लिए नियामक ने टी-1 के डेटा से जुड़ी प्रणाली अपनाने का प्रस्ताव दिया है। ट्रेडिंग दिवस पर आधार मूल्य, टी-1 के ईटीएफ के बंद भाव, पिछले 30 मिनट के औसत सांकेतिक एनएवी या उपलब्ध होने पर टी-1 के बंद एनएवी से प्राप्त किया जा सकता है।

First Published : February 13, 2026 | 10:51 PM IST