शेयर कीमतों में तेजी और प्राथमिक बाजार की गतिविधि में सुधार के बीच नवंबर में करीब 28 लाख डीमैट खाते खुले। अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में बदलाव के बीच घरेलू के साथ साथ वैश्विक बाजार, दोनों में पिछले महीने उत्साह देखा गया।
निफ्टी स्मॉलकैप 100 सूचकांक 12 प्रतिशत चढ़ा, जो फरवरी 2021 के बाद सबसे बड़ी तेजी है। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी-50 सूचकांक में 10.4 प्रतिशत और 5.5 प्रतिशत तेजी आई, जो जुलाई 2022 के बाद सर्वाधिक है। बड़ी कंपनियों के 9 आईपीओ आए जिनके जरिये 10,867 करोड़ रुपये तक की राशि जुटाई गई। अन्य 16 आईपीओ एसएमई द्वारा पेश किए गए थे।
Demat Accounts की संख्या में वृद्धि को कई बड़े आईपीओ की वजह से मदद मिली। टाटा टेक्नोलॉजीज (Tata Tech IPO) के 3,042 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 73.4 लाख आवेदन आए।
ब्रोकिंग उद्योग की कंपनियों का कहना है कि सेकंडरी बाजार में धारणा मजबूत होने से भी नए निवेशकों को मदद मिली। कैलेंडर वर्ष 2023 के पहले 11 महीनों के दौरान, करीब 2.5 करोड़ डीमैट खाते खुले, जिससे कुल संख्या बढ़कर 13.5 करोड़ हो गई। कैलेंडर वर्ष 2022 के दौरान, 2.8 करोड़ डीमैट खाते खुले थे।