मारुति सुजूकी इंडिया प्रीमियम हैचबैक की अहमियत बरकरार रहने पर दांव लगा रही है। हालांकि यात्री वाहन बाजार में स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल्स (एसयूवी) का दबदबा बढ़ रहा है। यह ऐसे समय हो रहा है, जब चालू वित्त वर्ष के पहले 5 महीने के दौरान प्रीमियम हैचबैक श्रेणी ने समूचे उद्योग की तुलना में तेज इजाफा दर्ज किया है।
मारुति सुजूकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन और बिक्री) पार्थो बनर्जी ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया कि फिलहाल प्रीमियम हैचबैक उद्योग का स्तर हर महीने लगभग 50,000 वाहन होने का अनुमान है और इस श्रेणी में मारुति सुजूकी की हिस्सेदारी करीब 70 प्रतिशत है।
बनर्जी ने कहा कि मारुति की प्रीमियम हैचबैक बिक्री अप्रैल और अगस्त के बीच 28 प्रतिशत बढ़ी, जबकि उद्योग की वृद्धि 17 प्रतिशत रही। कंपनी नई बलेनो के साथ अपनी स्थिति और मजबूत करना चाह रही है। इसमें एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (एडीएएस) समेत कई नई खूबियां हैं।
कंपनी को उम्मीद है कि साल 2030 तक देश में यात्री वाहनों का समूचा बाजार 61 लाख से 63 लाख वाहनों तक पहुंच जाएगा। अनुमान है कि तब तक बाजार में एसयूवी की हिस्सेदारी 62 से 63 प्रतिशत होगी, जबकि हैचबैक और मल्टी-पर्पज व्हीकल (एमपीवी) के लिए लगभग 37 से 38 प्रतिशत हिस्सेदारी ही बचेगी।
बनर्जी ने कहा, ‘हमारा मानना है कि यह उद्योग लगभग 63 लाख वाहनों का होगा।’ उन्होंने यह भी कहा कि मारुति को गैर-एसयूवी श्रेणी में काफी गुंजाइश दिख रही है। कंपनी का अनुमान है कि साल 2030 तक यह बाजार लगभग 25 लाख वाहनों तक पहुंच सकता है, जबकि इस क्षेत्र में उसका अपना कारोबार मौजूदा लगभग 6 लाख वाहनों से दोगुना बढ़कर 12 लाख वाहनों तक हो सकता है।
फिलहाल मारुति हर महीने लगभग 16,000 से 16,500 बलेनो बेचती है। उसकी फ्रॉन्क्स क्रॉसओवर की लगभग 17,000 से 18,000 गाड़ियां बिकती हैं। दोनों मॉडल एक ही प्रोडक्शन लाइन पर बनाए जाते हैं। साथ ही कंपनी दोनों मॉडलों की प्रतीक्षा अवधि के आधार पर इनका उत्पादन घटाती-बढ़ाती है। कंपनी ने इस सप्ताहांत लगभग 6.1 लाख रुपये से शुरू होने वाली नई बलेनो बाजार में उतारेगी।
नई बलेनो में एडीएएस के साथ ह्यूमन डिटेक्शन की सुविधा भी मिलेगी। बनर्जी के अनुसार प्रीमियम हैचबैक श्रेणी में ऐसा पहली बार हो रहा है। कंपनी इन नई खूबियों को उन महानगरीय ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश कर रही है, जिनतो ऐसे मॉडलों की तलाश होती है जो उनकी जीवनशैली और व्यक्तित्व से मेल खाते हों।
अब बलेनो के ग्राहकों में से लगभग 46 प्रतिशत ऐसे लोग हैं, जो पहली बार कार खरीद रहे होते हैं। साथ ही मारुति को कंपनियों और स्टार्टअप मालिकों की ओर से भी बढ़ती दिलचस्पी देखने को मिल रही है। मारुति ने नई बलेनो की बुकिंग 11,000 रुपये में शुरू कर दी है।