BCCI ने देश में पहले महिला IPL की तैयारियां तेज कर दी है। बीसीसीआई ने इसके लिए आईपीएल लीग में फ्रेंचाइजी खरीदने के लिए टेंडर भरने के आवेदन मांगे हैं। BCCI ने एक प्रेस स्टेटमेंट जारी किया है, जिसमें टीमों को खरीदने के इच्छुक लोगों और कंपनियों से 21 जनवरी तक टेंडर भरने का निवेदन किया गया है।
टीमों को खरीदने में दिलचस्पी रखने वालों को को 5 लाख रूपए के साथ 21 जनवरी तक नीलामी में शामिल होने के लिए आवेदन करना होगा। यह 5 लाख नॉन रिफंडेबल होंगे।
गौरतलब है कि बीते साल यानी 2022 की फरवरी में तत्कालीन BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली 2023 से महिलाओं के IPL के शुरू होने की बात कही थी। इसके लिए 2022 में ही मार्च 2023 की विंडो तय की गई। महिलाओं के इस IPL को शुरू करने के लिए लगभग रोडमैप बनाया जा चुका है। पहली बार होने वाले महिला IPL में 5 से 6 टीमें हो सकती हैं।
कौन सी टीमें खरीद सकती हैं फ्रैन्चाइजी
BCCI सचिव जय शाह के अनुसार, इस समय की कई पुरुष IPL टीमें, महिला IPL के लिए भी फ्रेंचाइजी खरीदना चाह रही हैं। राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी ने पहले ही महिला IPL की टीम में दिलचस्पी दिखाई थी। वहीं मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स भी महिला आईपीएल की टीम को खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं।