खेल

Ind vs Pak, T20 WC 2026: भारत-पाक मुकाबले का बुखार, कोलंबो की उड़ानों के दाम आसमान पर

भारत-पाक मैच के चलते कोलंबो के लिए फ्लाइट और होटल किरायों में भारी उछाल, फिर भी फैंस और कॉरपोरेट बुकिंग में जबरदस्त तेजी।

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- February 13, 2026 | 9:02 AM IST

Ind vs Pak T20 WC 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले श्रीलंका की राजधानी के लिए हवाई किरायों और होटल दरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। 13 और 14 फरवरी की तारीखों के लिए कई ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर फ्लाइट टिकट 50 प्रतिशत तक महंगे हो गए हैं, जबकि कुछ रूट्स पर कीमतें दोगुनी से भी ज्यादा बताई जा रही हैं।

ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली सहित प्रमुख शहरों से कोलंबो जाने वाली डायरेक्ट फ्लाइट्स के किराये एक लाख रुपये से ऊपर पहुंच चुके हैं। सामान्य दिनों की तुलना में यह बढ़ोतरी काफी ज्यादा है।

ट्रैवल कंपनी यत्रा ऑनलाइन के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर कोलंबो के लिए फ्लाइट्स की मांग अचानक तेज हो गई है, जिसके कारण किरायों में भारी इजाफा हुआ है। वहीं, थॉमस कुक इंडिया के प्रतिनिधि ने कहा कि एयरफेयर बढ़ने के बावजूद लोगों की दिलचस्पी कम नहीं हुई है और बुकिंग लगातार हो रही हैं।

सिर्फ हवाई टिकट ही नहीं, होटल इंडस्ट्री में भी इसी तरह की हलचल देखी जा रही है। मैच से पहले की तारीखों में कई होटलों के कमरों की दरें बढ़ गई हैं और उपलब्धता भी सीमित होती जा रही है।

ट्रैवल विशेषज्ञों का मानना है कि Ind vs Pak T20 WC 2026 जैसे बड़े क्रिकेट मुकाबले हमेशा से खेल प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहे हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, बल्कि कॉर्पोरेट और एमआईसीई सेगमेंट की यात्राएं भी बढ़ जाती हैं।

आखिरी समय में टिकट बुक करने वालों को अब ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है।

ट्रैवल इंडस्ट्री से मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई से कोलंबो के लिए रिटर्न किराया करीब 70 हजार रुपये तक पहुंच गया है। दिल्ली से यह 90 हजार से 1 लाख रुपये के बीच बताया जा रहा है। हैदराबाद से लगभग 80 हजार रुपये का खर्च आ रहा है, जबकि बेंगलुरु, कोलकाता, अहमदाबाद और पुणे से किराया 60 से 65 हजार रुपये के आसपास है। चेन्नई और कोचिन से यात्रा करने वालों के लिए यह रकम करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म Cleartrip के एक प्रवक्ता के अनुसार, 13 और 14 तारीख की उड़ानों में करीब 1,000 से 2,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जो औसतन 10 से 20 प्रतिशत तक है। हालांकि मैच वाले दिन 15 तारीख को किराए में अतिरिक्त वृद्धि नहीं देखी गई।

Ind vs Pak, T20 WC 2026 से सिर्फ उड़ानें ही नहीं, कोलंबो के होटलों में भी मांग बढ़ने से दरें ऊपर गई हैं। खासतौर पर शहर के प्रमुख और प्रीमियम इलाकों में स्थित होटलों ने अपने रेट में संशोधन किया है। ट्रैवल कंपनियों का कहना है कि मैच के चलते सेंट्रल लोकेशन वाले होटलों की बुकिंग तेजी से भर रही है।

भारत–पाक मुकाबले ने सिर्फ महानगरों के दर्शकों को ही नहीं, बल्कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के क्रिकेट प्रेमियों को भी कोलंबो की ओर आकर्षित किया है। इंडस्ट्री रिपोर्ट के मुताबिक, कामकाजी पेशेवर, युवा वर्ग और दोस्तों के ग्रुप बड़ी संख्या में ट्रैवल प्लान बना रहे हैं। मैच की घोषणा के बाद कम समय में बड़ी संख्या में बुकिंग पूछताछ सामने आई है।

ट्रैवल कंपनी SOTC Travel के प्रेसिडेंट और कंट्री हेड एस डी नंदकुमार ने बताया कि उनकी कंपनी 180 लोगों के एक कॉरपोरेट इंसेंटिव ग्रुप को भी मैच देखने के लिए कोलंबो ले जा रही है। इससे साफ है कि बड़े खेल आयोजनों में कॉरपोरेट सेक्टर की दिलचस्पी भी बढ़ रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि जहां कई यात्री दो से तीन रात के छोटे मैच-केंद्रित पैकेज चुन रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे छुट्टी के साथ जोड़कर पास के बीच डेस्टिनेशन और खास अनुभवों का आनंद लेना चाहते हैं। कोलंबो में दर्शक ज्योफ्री बावा आर्किटेक्चर ट्रेल, पेट्टाह की स्ट्रीट फूड वॉक, आर्ट गैलरी टूर, बोलगोडा झील में कयाकिंग, दालचीनी बागानों की सैर और केलानिया के आसपास विरासत स्थलों की खोज जैसी गतिविधियों में रुचि दिखा रहे हैं।

First Published : February 13, 2026 | 9:02 AM IST