राजनीति

UP चुनाव से पहले मायावती ने आकाश आनंद को दी नंबर दो की जिम्मेदारी, बनाया BSP का राष्ट्रीय संयोजक

मायावती ने बसपा में बड़ा फेरबदल कर भतीजे आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक बनाया, जिससे वे पार्टी में नंबर दो नेता बन गए और अब सीधे मायावती को रिपोर्ट करेंगे

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- August 29, 2025 | 6:02 PM IST

लंबे अरसे बाद आखिरकार एक बार फिर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने भतीजे को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले मायावती ने आकाश आनंद को इस जिम्मेदारी के साथ बड़ी भूमिका निभाने का संकेत दिया है। साथ ही बसपा सुप्रीमो ने एक बार फिर विश्वनाथ पाल को पार्टी का उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

शुक्रवार को मायावती ने आकाश का प्रमोशन करते हुए उन्हें बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाया। यह पद संगठन में राष्ट्रीय अध्यक्ष यानी मायावती के बाद आता है। इस घोषणा के बाद अब बसपा में आकाश दूसरे नंबर के सबसे पावरफुल नेता हो गए हैं। अभी तक आकाश आनंद राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर की भूमिका निभा रहे थे। बसपा में आकाश के अलावा चार और राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर थे। फेरबदल के बाद अब छह राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बनाए गए हैं। इनमें रामजी गौतम, राजाराम, रणधीर सिंह बेनीवाल, लालजी मेधांकर, अतर सिंह राव और धर्मवीर सिंह अशोक शामिल हैं। ये सभी राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अब आकाश आनंद को रिपोर्ट करेंगे।

Also Read: ‘तीन बच्चे हों और तीन भाषाएं सीखें’: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत

कई और नेताओं को मिली जिम्मेदारी

बसपा प्रमुख ने पार्टी के कुछ अन्य प्रमुख नेताओं को भी राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटरों के साथ काम करने की जिम्मेदारी दी है। राजाराम के साथ मोहित आनंद, अतर सिंह राव के साथ सुरेश आर्या और धर्मवीर अशोक के साथ दयाचंद को लगाया गया है। वहीं रामजी गौतम को दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार का प्रभारी बनाया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले बीते मई महीने में मायावती ने आकाश आनंद पर भरोसा जताते हुए उन्हें बसपा का मुख्य राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बनाया था। वहीं मार्च में मायावती ने आकाश को नेशनल कोऑर्डिनेटर सहित सारे पदों से हटाकर पार्टी से बाहर कर दिया था।

मायावती ने तब कहा था कि आकाश आनंद पार्टी हित से अधिक अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में रहने के कारण नेशनल कोऑर्डिनेटर सहित सभी जिम्मेदारियों से मुक्त किए गए थे। उस समय मायावती ने कहा था कि आकाश को इसका पश्चाताप करके अपनी परिपक्वता दिखानी होगी। हालांकि, अप्रैल में मायावती ने उन्हें वापस पार्टी का मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर नियुक्त कर दिया था।

अब एक बार फिर आकाश आनंद पर भरोसा करते हुए मायावती ने उन्हें पार्टी में नंबर दो की हैसियत दे दी है। आकाश आनंद की जिम्मेदारी सभी सेक्टर, केंद्रीय और स्टेट कोऑर्डिनेटरों तथा प्रदेश अध्यक्षों के काम की समीक्षा करना होगा। वह सीधे मायावती को रिपोर्ट करेंगे।

First Published : August 29, 2025 | 5:50 PM IST