मप्र में सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 8 फीसदी बढ़ा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 12:03 AM IST

मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सात लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को दीवाली के त्योहार से पहले खुशखबरी दी है। प्रदेश सरकार ने अपने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 8 फीसदी का इजाफा किया है और अब  उन्हें 12 प्रतिशत के बजाय 20 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को कोरोना काल में स्थगित की गई दो वेतनवृद्धि का लाभ देने की भी घोषणा की है। लंबित वेतनवृद्धि का 50 फीसदी नवंबर 2021 तथा शेष 50 फीसदी फरवरी 2022 के वेतन के साथ दिया जाएगा।

मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को इस विषय में कहा कि कोरोना काल में सरकार का खर्च बढ़ा और साथ ही उसके राजस्व में कमी आई और यही वजह है कि सरकार ने जुलाई 2020 और जनवरी 2021 में मिलने वाली वेतन वृद्धि को कुछ समय के लिए स्थगित रखा। एक अनुमान के मुताबिक महंगाई भत्ता बढ़ाने और वेतनवृद्धि देने पर सरकार के खजाने पर करीब 1,000 करोड़ रुपये का बोझ आयेगा।
उल्लेखनीय है कि महंगाई भत्ता 20 फीसदी किए जाने के बाद भी केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तुलना में यह 11 फीसदी कम ही रहेगा। केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 31 फीसदी महंगाई भत्ता देती है।

First Published : October 22, 2021 | 12:00 AM IST