घरेलू शेयर बाजार में आज मंगलवार को तेजी देखी गई।
30 कंपनियों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स में 455.95 अंको की बढ़ोतरी दर्ज की गई यानी सेंसेक्स मे कुल 0.76 फीसदी की तेजी देखी गई। जिससे सेंसेक्स 60,571.08 के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ।
50 कंपनियों पर आधारित सूचकांक निफ्टी में 133.70 अंको की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिससे निफ्टी 18,070 के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ यानी निफ्टी-50 में कुल 0.75 फीसदी की तेजी देखी गई।
बैंक निफ्टी में भी तेजी बनी रही। बैंक निफ्टी 299.10 अंको की उछाल के साथ बंद हुआ। जिससे बैंक निफ्टी बढ़कर 40, 873.10 के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ।
विश्लेषकों ने कहा कि बाजार की तेजी मुख्य रूप से विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) द्वारा संचालित थी। एफआईआई घरेलू शेयर बाजार में शुद्ध खरीदार बन गए हैं। खुदरा निवेशकों की भागीदारी से भी बाजार को समर्थन मिला। सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, टाइटन और बजाज फाइनेंस प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, पावर ग्रिड, एलएंडटी, आईटीसी, रिलायंस, एसबीआई और इन्फोसिस के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी तरफ टीसीएस के शेयर में सबसे अधिक 0.37 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
जियोजीत फाइनेंशल सर्विसेस के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘विदेशी निवेशकों की रणनीति में अचानक बदलाव बाजार में जारी तेजी का मुख्य कारण बना हुआ है। विदेशी निवेशक लगातार बिकवाली के बाद शुद्ध खरीदार बन गए है।’
उन्होंने कहा, ‘अर्थव्यवस्था में मजबूती से बाजार को खुदरा निवेशकों का भी समर्थन मिला।’ रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के शोध उपाध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा कि बाजार ने मजबूती के साथ सप्ताह की शुरुआत की और मौजूदा रुझान को जारी रखते हुए आधा प्रतिशत से अधिक की बढ़त हासिल की।
इसके अलावा व्यापक बाजार में बीएसई मिडकैप 0.32 फीसदी बढ़कर 26,252.08 अंक पर जबकि बीएसई स्मॉलकैप 0.24 प्रतिशत बढ़कर 29,893.97 अंक पर पहुंच गया।
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी मजबूती के साथ बंद हुआ, जबकि हांगकांग के हैंगसेंग में गिरावट रही। इस बीच, लंदन में ब्रेंट क्रूड बढ़कर 95.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक लगातार शुद्ध लिवाल बने हुए हैं। उन्होंने सोमवार को 2,049.65 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।