टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) 13 लाख करोड़ रुपये का बाजार पूंजीकरण पार करने वाली दूसरी सूचीबद्घ कंपनी और पहली आईटी कंपनी बन गई है। कंपनी का शेयर मंगलवार को दिन के कारोबार में नई ऊंचाई पर पहुंच गया। टीसीएस का शेयर बीएसई पर दिन के कारोबार में 1.4 प्रतिशत तक चढ़कर 3,520 रुपये की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। तुलनात्मक तौर पर सेंसेक्स सुबह 11.21 बजे तक 0.09 प्रतिशत की तेजी के साथ 55,632 अंक पर था।
टीसीएस का शेयर लगातार 9वें कारोबारी दिन तेजी के साथ कारोबार कर रहा था। अगस्त में अब तक 12 कारोबारी दिनों में टीसीएस 11 प्रतिशत चढ़ा है, जबकि सेंसेक्स में 6 प्रतिशत की तेजी आई है। शेयर भाव में भारी तेजी से टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 13.02 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। मौजूदा समय में 13.01 लाख करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ टीसीएस कुल बाजार पूंजीकरण रैंकिंग में दूसरे पायदान पर है। बीएसई के आंकड़े के अनुसार, 13.80 लाख करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले पायदान पर काबिज है।