Stock Market Updates, February 16, 2026: एशियाई बाजारों से मिलेजुले रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार हफ्ते के पहले ट्रेडिंग सेशन में लाल निशान में खुले। पिछले हफ्ते आईटी शेयरों में भारी बिकवाली के बाद बाजार का माहौल अब भी कमजोर बना हुआ है। वहीं, सरकारी बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में गिरावट की वजह से भी बाजार में कमजोरी देखी जा रही है।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) गिरावट के साथ 82,480 अंक पर खुला। खुलने के बाद इंडेक्स में गिरावट थोड़ी कम हो गई। सुबह 9:22 बजे यह 20.20 अंक या 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट लेकर 82,646.96 पर था।
इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी गिरावट लेकर 25,423.60 पर था। यह सुबह 9:28 बजे 8.85 अंक या 0.03 फीसदी की मामूली बढ़त लेकर 25,479 . 95 पर ट्रेड कर रहा था।
एशिया क्षेत्र के बड़े शेयर बाजार सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ खुले। इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ सकता है। जापान का निक्केई 225 (Nikkei 225) 0.1% नीचे कारोबार कर रहा था। इसकी वजह यह रही कि ताजा आंकड़ों में दिखा कि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में जापान की जीडीपी उम्मीद से कम बढ़ी, हालांकि देश तकनीकी मंदी से बच गया।
जापान की जीडीपी इस अवधि में सालाना आधार पर 0.2% बढ़ी, जबकि अनुमान 1.6% बढ़त का था। हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग 0.67% नीचे था, जबकि ऑस्ट्रेलिया का S&P 200 सोमवार को 0.27% ऊपर कारोबार कर रहा था। दक्षिण कोरिया और चीन (मेनलैंड) के वित्तीय बाजार सोमवार को बंद हैं।
वहीं, अमेरिका में शुक्रवार को एस एंड पी 500 और डाउ जोन्स क्रमशः 0.05% और 0.12% की बढ़त के साथ बंद हुए। नैस्डैक 0.22% गिरकर बंद हुआ। अमेरिकी महंगाई का डेटा उम्मीद के मुताबिक ही रहा, लेकिन इसके बाद भी बाजार में कोई बड़ी तेजी नहीं दिखी।
फ्रैक्टल इंडस्ट्रीज का आईपीओ (Fractal Industries IPO) सोमवार से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। मारुशिका टेक्नोलॉजी का आईपीओ को सब्सक्राइब करने आज आखिरी मौका है।