Representative Image
Stock Market Holiday: स्टॉक मार्केट में निवेश करने वाले लोग साल के आखिरी महीने यानी दिसंबर की शुरुआत से पहले यह जानने में जुटे हैं कि 2024 में अब कितने ट्रेडिंग सेशन बचे हैं। इनके लिए यह जानना भी बेहद अहम है कि इस साल के अंत तक स्टॉक मार्केट की छुट्टियां कितनी हैं।
आइए, जानते हैं दिसंबर में कितने दिन शेयर बाजार में नहीं होगा कारोबार…
दिसंबर 2024 में शेयर बाजार सिर्फ एक दिन बंद रहेगा, और वह है 25 दिसंबर, क्रिसमस का दिन। इस दिन ट्रेडिंग पूरी तरह से बंद रहेगी। इसके अलावा, हर हफ्ते के शनिवार और रविवार को भी भारतीय शेयर बाजार बंद रहते हैं।
यानि, दिसंबर में ट्रेडिंग के लिहाज से सिर्फ एक ही दिन की छुट्टी है, जबकि बाकी दिनों पर बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे। निवेशकों को यह खास दिन ध्यान में रखना होगा।
दिसंबर 2024 का कैलेंडर देखकर यह साफ है कि इस महीने के चार शनिवार 7, 14, 21 और 28 तारीख को पड़ रहे हैं, जबकि पांच रविवार 1, 8, 15, 22 और 29 तारीख को आएंगे। इसके साथ ही, दिसंबर में शेयर बाजार की एक छुट्टी भी शामिल है। इसका मतलब यह हुआ कि बीएसई और एनएसई पर दिसंबर 2024 में कुल 31 दिनों में से 10 दिन ट्रेडिंग गतिविधियां बंद रहेंगी। ऐसे में इस साल के अंत तक अब सिर्फ 21 ट्रेडिंग सेशन्स बाकी हैं।
कल कैसी थी बाजार की चाल?
घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को शानदार तेजी देखने को मिली। फ्लैट शुरुआत के बाद हेल्थकेयर और फार्मा सेक्टर के शेयरों ने बढ़त की कमान संभाली। इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल के शेयरों में उछाल ने भी बाजार को मजबूती दी।
बीएसई सेंसेक्स 759.05 अंक या 0.96% की बढ़त के साथ 79,802.79 पर बंद हुआ। दिनभर सेंसेक्स ने 79,026.18 के निचले स्तर से लेकर 79,923.90 के उच्चतम स्तर के बीच कारोबार किया।
एनएसई निफ्टी 50 भी 216.95 अंक या 0.91% चढ़कर 24,131.10 पर बंद हुआ। निफ्टी ने दिन के दौरान 23,927.15 के निचले स्तर और 24,188.45 के उच्चतम स्तर को छुआ।