भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में चढ़े और बाजार में हालिया बढ़त जारी रही। इसकी वजह अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेश में सुधार के शुरुआती संकेत थे जिसने निवेशकों के मनोबल में इजाफा किया।
निफ्टी 50 में 0.26 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई और यह 25,935.15 पर पहुंच गया। बीएसई सेंसेक्स में 0.25 फीसदी का इजाफा हुआ और यह 84,273.92 पर रहा। ब्लूचिप सूचकांकों में पिछले तीन सत्रों में लगभग 1.2 फीसदी और भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते की घोषणा के बाद से छह सत्रों में करीब 4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
स्मॉल-कैप और मिड-कैप शेयरों में क्रमशः 0.4 फीसदी और 0.5 फीसदी की वृद्धि हुई और इन छह सत्रों में इनमें क्रमशः 5.6 फीसदी और 5.3 फीसदी का इजाफा हुआ है।
अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने सोमवार को 22.55 अरब रुपये के भारतीय शेयर खरीदे। लगातार तीन महीनों की बिकवाली के बाद उन्होंने फरवरी में अब तक 1.7 अरब डॉलर के भारतीय शेयर खरीदे हैं।