उद्योग

बारामती हादसे के बाद DGCA का बड़ा एक्शन: 14 चार्टर विमान कंपनियों का शुरू हुआ ‘स्पेशल सेफ्टी ऑडिट’

‘स्पेशल सेफ्टी ऑडिट प्लान 2026 - फेज 1’ नाम का यह अभ्यास 2 फरवरी को शुरू किया गया था और निरीक्षण 9 फरवरी को शुरू हुआ

Published by
दीपक पटेल   
Last Updated- February 10, 2026 | 10:45 PM IST

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) एक विशेष सुरक्षा निरीक्षण अभ्यास के तहत 14 चार्टर विमान परिचालकों का सुरक्षा ऑडिट कर रहा है, जिसमें फिलहाल फील्ड निरीक्षण चल रहा है और नियामक द्वारा जारी एक आदेश के अनुसार, पहला चरण 25 फरवरी तक पूरा होने की उम्मीद है।

‘स्पेशल सेफ्टी ऑडिट प्लान 2026 – फेज 1’ नाम का यह अभ्यास 2 फरवरी को शुरू किया गया था और निरीक्षण 9 फरवरी को शुरू हुआ। यह व्यापक ऑडिट 28 जनवरी को बारामती हवाईअड्डे पर हुए विमान दुर्घटना के बाद किया जा रहा है, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। चार्टर विमान का संचालन दिल्ली स्थित गैर-अनुसूचित परिचालक कंपनी वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया था।

28 जनवरी को बॉम्बार्डियर लीयरजेट 45 विमान, पंजीकरण संख्या वीटी-एसएसके मुंबई से बारामती के लिए एक गैर-अनुसूचित चार्टर उड़ान का संचालन कर रहा था और विमान को उतारने के दूसरे प्रयास के दौरान यह हवाईअड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई।

वीएसआर वेंचर्स (वीएसआर वेंचर्स) स्पेशल सेफ्टी ऑडिट प्लान फेज-1 का हिस्सा नहीं है और डीजीसीए की छह सदस्यीय टीम द्वारा इसका अलग से ऑडिट किया जा रहा है। नियामक ने टीम को 15 फरवरी तक वीएसआर की ऑडिट रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा है।

2 फरवरी को, डीजीसीए ने हवाई उड़ानों के लायक और परिचालन से जुड़ी आवश्यकताओं के अनुपालन की जांच के लिए पहले चरण में निरीक्षण के लिए परिचालकों के एक समूह की पहचान करते हुए एक आदेश जारी किया। इनमें एयर चार्टर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, ए आर एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड, एरो एयरक्राफ्ट्स सेल्स ऐंड चार्टर्स प्राइवेट लिमिटेड, चिप्सन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड और डेक्कन चार्टर्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। इस सूची में ग्लोबल वेक्ट्रा हेलिकॉर्प लिमिटेड, इंडो पैसिफिक एविएशन प्राइवेट लिमिटेड, इंडिया फ्लाईसेफ एविएशन लिमिटेड, कर्णावती एविएशन प्राइवेट लिमिटेड और सरकारी स्वामित्व वाली हेलिकॉप्टर परिचालन कंपनी पवन हंस लिमिटेड भी शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, डीजीसीए की टीमें राजस एरोस्पोर्ट्स ऐंड एडवेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (एयरो सफारी, रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस कमर्शियल डीलर्स लिमिटेड और जेस्ट एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का भी निरीक्षण कर रही हैं।

2 फरवरी के आदेश के अनुसार, नियामक ने14 चार्टर उड़ान परिचालकों के निरीक्षण के लिए उप निदेशकों, सहायक निदेशकों, उड़ान संचालन निरीक्षकों और वरिष्ठ उड़ान संचालन निरीक्षकों से जुड़े प्रत्येक परिचालक के लिए अलग-अलग ऑडिट टीमें गठित की हैं।

डीजीसीए ने ऑडिट टीमों का निरीक्षण पूरा करने के 10 दिनों के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट अपने मुख्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है।  उम्मीद है कि निष्कर्षों में किसी भी सुरक्षा खामियों या गैर-अनुपालन मुद्दों पर रोशनी डाली जाएगी जिसके बाद नियामक आगे की कार्रवाई कर सकता है। यह ऑडिट चार्टर और निजी विमानन खंड में सुरक्षा निरीक्षण को कड़ा करने और परिचालन को मानकीकृत करने के लिए डीजीसीए के व्यापक प्रयास का हिस्सा है।

First Published : February 10, 2026 | 10:45 PM IST