बाजार

₹8,500 करोड़ निवेश की उम्मीद! MSCI इंडेक्स में Vishal Mega Mart और Swiggy की हो सकती है एंट्री

7 अगस्त को MSCI इंडेक्स रिबैलेंसिंग का ऐलान हो सकता है गेमचेंजर, Vishal Mega Mart और Swiggy समेत 4 कंपनियों में हो सकता है विदेशी निवेश का जबरदस्त इनफ्लो

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- August 05, 2025 | 3:18 PM IST

भारतीय शेयर बाजार में निवेश करने वाले विदेशी निवेशकों के लिए एक अहम संकेत देने वाला MSCI India Standard Index अब अगस्त महीने में रिबैलेंस होने वाला है। Nuvama Institutional Equities की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार इंडेक्स में कुछ बड़े नाम जोड़े और हटाए जा सकते हैं। इसका असर न केवल शेयर बाजार पर, बल्कि इन कंपनियों के शेयरों में भी देखने को मिल सकता है। MSCI इंडेक्स की ये समीक्षा 7 अगस्त को बाजार बंद होने के बाद जारी होगी।

Vishal Mega Mart और Swiggy बन सकते हैं निवेशकों की पसंद

इस रिबैलेंसिंग में Vishal Mega Mart, Swiggy, Hitachi Energy और Waaree Energies जैसे चार नाम शामिल हो सकते हैं। इन कंपनियों को जोड़ने से कुल मिलाकर करीब 1.02 अरब डॉलर (यानि लगभग ₹8,500 करोड़) की विदेशी निवेश की उम्मीद जताई गई है। इसमें सबसे ज्यादा निवेश Vishal Mega Mart और Swiggy में अनुमानित है, जो क्रमशः $287 मिलियन और $285 मिलियन हो सकता है।

Vishal Mega Mart के शेयर इस साल अब तक 36% तक चढ़ चुके हैं, जो निवेशकों का भरोसा दिखाता है। दूसरी ओर, Swiggy के शेयर 28% नीचे आए हैं, इसके बावजूद MSCI में इसके शामिल होने की संभावना बनी हुई है। Hitachi Energy के शेयरों में अब तक 47% की तेजी, और Waaree Energies में 7.3% की बढ़त देखी गई है।

Also Read: Adani Ports Q1 results: मुनाफा 6.5% बढ़कर 3,314 करोड़, रेवेन्यू में भी इजाफा; शेयर 2% से ज्यादा टूटा

Sonacoms और Thermax को झेलनी पड़ सकती है MSCI से बाहर होने की मार

जहां एक ओर कुछ कंपनियों को MSCI में जगह मिल सकती है, वहीं Sona BLW Precision Forgings (Sonacoms) और Thermax को इंडेक्स से बाहर किया जा सकता है। इन दोनों को बाहर करने से करीब $340 मिलियन (लगभग ₹2,800 करोड़) की विदेशी निकासी हो सकती है। Sonacoms के शेयरों में इस साल 24% की गिरावट, और Thermax में 13.5% की गिरावट दर्ज हुई है, जो इनके बाहर होने की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।

पहले भी जताया गया था Swiggy और Waaree को जोड़ने का अनुमान

यह पहली बार नहीं है जब इन कंपनियों के MSCI में शामिल होने की बात की गई है। JM Financial ने जून में अनुमान लगाया था कि Swiggy, Mazagaon Dock Shipbuilders, Hitachi Energy India और Waaree Energies को MSCI इंडेक्स में जोड़ा जा सकता है। उस समय इन चारों कंपनियों में कुल $850 मिलियन की संभावित निवेश राशि बताई गई थी।

छोटी कंपनियों के लिए भी बदल सकती है तस्वीर

केवल बड़ी कंपनियां ही नहीं, बल्कि MSCI Smallcap Index में भी इस बार बदलाव देखने को मिल सकता है। Nuvama की रिपोर्ट के अनुसार, कुल 12 कंपनियों को Smallcap Index में शामिल किया जा सकता है, जिससे लगभग $65 मिलियन का निवेश आकर्षित हो सकता है। इसमें Inventurus Knowledge, Capri Global Capital, Brainbees Solutions, Lumax Auto Tech, Ather Energy, CSB Bank, India Glycols, Belrise Industries, Lloyds Enterprises, Yatharth Hospital, Zinka Logistics और Transrail Lighting जैसे नाम शामिल हैं।

वहीं दूसरी ओर, Bharat Dynamics, Bondada Engineering, Hikal और Kennametal India को Smallcap Index से बाहर किया जा सकता है।

मई की समीक्षा में भी हुए थे अहम बदलाव

इससे पहले मई 2025 की MSCI समीक्षा में Coromandel International और Nykaa की पैरेंट कंपनी FSN E-Commerce Ventures को MSCI Global Standard Index में शामिल किया गया था। उस समय कोई भी कंपनी इंडेक्स से हटाई नहीं गई थी और ये बदलाव 30 मई की क्लोजिंग के बाद लागू हुए थे।

क्यों है MSCI इंडेक्स का इतना महत्व?

MSCI इंडेक्स दुनिया भर के फंड मैनेजर्स के लिए एक महत्वपूर्ण बेंचमार्क होता है। जब किसी कंपनी को इसमें शामिल किया जाता है, तो उस कंपनी के शेयरों में विदेशी निवेश बढ़ जाता है, जिससे उसके शेयर की कीमत बढ़ने की संभावना भी रहती है। इसी तरह, किसी कंपनी को अगर इंडेक्स से हटा दिया जाए, तो उस पर बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है।

First Published : August 5, 2025 | 3:18 PM IST