बाजार

NSE 24 अप्रैल से निफ्टी नेक्स्ट 50 पर F&O ट्रेडिंग की पेशकश करेगा

Nifty Next 50 इंडेक्स एनएसई पर लिस्टेड टॉप 50 कंपनियों के सूचकांक 'निफ्टी 50' से आगे की 50 कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 18, 2024 | 6:54 PM IST

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने गुरुवार को कहा कि वह 24 अप्रैल से ‘निफ्टी नेक्स्ट 50’ सूचकांक पर वायदा एवं विकल्प अनुबंधों (F&O trading) की शुरुआत करेगा। निफ्टी नेक्स्ट 50 सूचकांक एनएसई पर सूचीबद्ध शीर्ष 50 कंपनियों के सूचकांक ‘निफ्टी 50’ से आगे की 50 कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है। इन दोनों सूचकांकों को मिलाकर निफ्टी की शीर्ष 100 कंपनियों का वर्गीकरण होता है।

NSE ने एक बयान में कहा कि उसे भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से ‘निफ्टी नेक्स्ट 50’ सूचकांक पर वायदा एवं विकल्प अनुबंध के लिए मंजूरी मिल गई है और 24 अप्रैल से इन अनुबंधों की पेशकश की जाएगी। इसके तहत NSE तीन क्रमिक मासिक सूचकांक वायदा और सूचकांक विकल्प अनुबंध चक्रों की पेशकश करेगा।

Also read: Infosys Q4FY24 Results: इंफोसिस के मुनाफे में 30 प्रतिशत का इजाफा, कंपनी ने कमाए 37,923 करोड़ रुपये

नकद निपटान वाले वायदा एवं विकल्प अनुबंध सौदों की समाप्ति महीने के अंतिम शुक्रवार को होगी। NSE के मुख्य व्यवसाय विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने कहा, “निफ्टी नेक्स्ट 50 सूचकांक पर वायदा एवं विकल्प अनुबंध की शुरूआत मौजूदा सूचकांक डेरिवेटिव उत्पाद समूह का पूरक होगी।”

मार्च 2024 तक, सूचकांक में 23.76 प्रतिशत भारांश के साथ वित्तीय सेवा क्षेत्र का शीर्ष प्रतिनिधित्व था। इसके बाद 11.91 प्रतिशत के साथ पूंजीगत उत्पाद क्षेत्र और 11.57 प्रतिशत के साथ उपभोक्ता सेवाओं का प्रतिनिधित्व था।

First Published : April 18, 2024 | 6:54 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)