जापान के प्रमुख शेयर सूचकांक निक्केई 225 ने सोमवार को 40,000 का आंकड़ा पार किया। आईटी शेयरों में उछाल की वजह से इस सूचकांक में बड़ी तेजी दर्ज करने में मदद मिली है। निक्केई सूचकांक 0.7 प्रतिशत बढ़त के साथ 40,192.48 पर पहुंच गया। वहीं टॉपिक्स ने 2700 का आंकड़ा छूने और पिछले शुक्रवार को रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद मामूली 0.1 प्रतिशत की तेजी दर्ज की।
इस तेजी को सेमीकंडक्टर से जुड़े शेयरों से मदद मिली, जिनमें टोक्यो इलेक्ट्रॉन और एडवांटेस्ट शामिल हैं। इन दोनों शेयरों में 3 प्रतिशत की तेजी आई। यह तेजी पिछले शुक्रवार को अमेरिकी शेयरों में बड़ी तेजी के बाद आई है। पिछले सप्ताह चिप निर्माता एनवीडिया का बाजार पूंजीकरण 2 लाख करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया। विश्लेषकों का कहना है कि निवेशक एआई में लगातार वृद्धि से उत्साहित हैं, सेमीकंडक्टर खर्च बरकरार रहने की उम्मीद कर रहे हैं और विनिर्माण प्रक्रिया से जुड़ी जापानी कंपनियों को इसका फायदा मिलने की संभावना है।
निक्केई सूचकांक में बड़ी तेजी देखी जा रही है। इस सूचकांक ने पिछले महीने 34 वर्षों में पहली बार सर्वाधिक ऊंचा स्तर हासिल किया है। निक्केई पिछली बार 22 फरवरी को दिसंबर 1989 के अपने पिछले सर्वाधिक ऊंचे स्तर से ऊपर बंद हुआ था।
ताजा तेजी के लिए मजबूत आय और जापान सरकार द्वारा पेश निवेशक-अनुकूल पहलों को जिम्मेदार बताया जा रहा है। कॉरपोरेट प्रशासनिक सुधारों से आकर्षित विदेशी निवेशकों की खरीदारी, कमजोर येन और छोटे निवेशकों के लिए निवेश योजना निप्पॉन इंडीविजुअल सेविंग्स अकाउंट (नीसा) ने भी निक्केई की तेजी में बड़ा योगदान दिया।
जेन एआई ने जापान को वैकल्पिक विनिर्माण देश के रूप में स्थापित किया है। ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफेक्चरिंग कंपनी कुमामोतो प्रांत में संयंत्रों की स्थापना कर रही है और जापान की नई सरकार समर्थित कंपनी रैपिडस ने घरेलू तौर पर आधुनिक चिप बनाने के लिए आईबीएम के साथ भागीदारी की है।