अमेरिकी बाजार में निवेश के जरिए अपने पोर्टफोलियो में ग्लोबल डायवर्सिफिकेशन चाहने वाले भारतीय निवेशकों के लिए पराग पारिख म्युचुअल फंड ने एक अहम बदलाव किया है।
पराग पारिख ऑल्टरनेट एसेट मैनेजर्स आईएफएससी (PPFAS GIFT) ने अपने दो आउटबाउंड पैसिव फंड्स में न्यूनतम शुरुआती निवेश की सीमा घटा दी है। इसे 5,000 डॉलर से घटाकर 500 डॉलर कर दिया गया है। नई सीमा 25 अगस्त से लागू हो गई है।
ये दोनों फंड Parag Parikh IFSC S&P 500 Fund of Fund और Parag Parikh IFSC Nasdaq 100 Fund of Fund हैं। दोनों फंड PPFAS की गिफ्ट सिटी स्थित फंड मैनेजमेंट इकाई के जरिए चलाए जाते हैं।
इस बदलाव का मकसद भारतीय निवेशकों के लिए ग्लोबल मार्केट में निवेश को आसान बनाना है। न्यूनतम निवेश घटने से ज्यादा रिटेल निवेशक अब भारतीय बाजारों से बाहर भी अपने पोर्टफोलियो में निवेश कर सकेंगे।
PPFAS में बिजनेस डेवलपमेंट (अल्टरनेटिव्स) की प्रमुख हेमा ठक्कर ने कहा कि कंपनी ने आउटबाउंड पैसिव फंड्स को निवेशकों को गिफ्ट सिटी के जरिए ग्लोबल मार्केट में निवेश का सरल और पारदर्शी तरीका देने के लिए लॉन्च किया था।
उन्होंने कहा कि न्यूनतम निवेश की सीमा 5,000 डॉलर से घटाकर 500 डॉलर करना इसी दिशा में अगला कदम है। उनके मुताबिक, ग्लोबल डायवर्सिफिकेशन सिर्फ उन निवेशकों तक सीमित नहीं होना चाहिए, जो शुरुआत में बड़ी रकम निवेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि न्यूनतम निवेश घटने से ज्यादा योग्य निवेशक इंडेक्स आधारित रणनीतियों के जरिए धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपना निवेश बढ़ा सकेंगे।
Also Read: SBI म्युचुअल फंड के इक्विटी SIF को मिला जोरदार रिस्पॉन्स, NFO से जुटाए रिकॉर्ड ₹1,154 करोड़
पराग पारिख आईएफएससी एस एंड पी 500 फंड ऑफ फंड्स निवेशकों को S&P 500 में पैसिव निवेश का एक्सपोजर देता है। यह इंडेक्स अमेरिका की 500 प्रमुख लिस्टेड कंपनियों को ट्रैक करता है और अमेरिकी लार्ज-कैप मार्केट के एक बड़े हिस्से को दिखाता है।
वहीं, पराग पारिख आईएफएससी नैस्डैक 100 फंड ऑफ फंड, नैस्डैक 100 में निवेश का एक्सपोजर देता है। इस इंडेक्स में नैस्डैक स्टॉक मार्केट में लिस्टेड 100 सबसे बड़ी नॉन-फाइनेंशियल कंपनियां शामिल हैं। इंडेक्स में टेक्नोलॉजी, कम्युनिकेशन और कंज्यूमर-फोक्स्ड कंपनियों की बड़ी हिस्सेदारी है।
दोनों फंड अपने संबंधित इंडेक्स से जुड़े ईटीएफ और UCITS में निवेश करते हैं। इससे निवेशकों को विदेशी ब्रोकरेज अकाउंट खोलने या उसे मैनेज करने की जरूरत नहीं पड़ती और वे ग्लोबल इक्विटी में निवेश कर सकते हैं। दोनों फंड अमेरिकी डॉलर में डिनॉमिनेटेड हैं। इनमें कोई लॉक-इन अवधि और एग्जिट लोड नहीं है।