भारत के सबसे बड़े म्यूचुअल फंड निवेश प्लेटफॉर्म ‘Groww’ ने अपना नया फीचर ‘MF Prime’ लॉन्च कर दिया है। Groww के मुताबिक, जो निवेशक खुद से रिसर्च करके निवेश करना पसंद करते हैं उनके लिए डायरेक्ट प्लान पहले की तरह ही पूरी तरह मुफ्त रहेंगे उनके लिए न तो कोई नई फीस लगेगी और न ही उनके निवेश करने के तरीके में कोई बदलाव आएगा।
कंपनी ने बताया कि नया ‘MF Prime’ फीचर विशेष रूप से उन निवेशकों के लिए तैयार किया गया है, जिन्हें अपने म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो को चुनने, उसकी समीक्षा करने और उसे समय-समय पर संतुलित करने के लिए सलाह की जरूरत होती है। Groww ने इस फीचर का परीक्षण जनवरी में ही शुरू कर दिया था और अब इसे निवेशकों के लिए लॉन्च कर दिया है।
Also Read: Groww MF का नया ETF लॉन्च: ₹500 से टॉप-10 प्राइवेट बैंकों में निवेश का मौका
साथ ही कंपनी ने उन अफवाहों और चिंताओं को भी दूर कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि प्लेटफॉर्म यूजर्स को डायरेक्ट म्यूचुअल फंड प्लान से हटा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर कंपनी ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि Groww के बारे में ऐसी कोई भी खबर पूरी तरह से गलत है।
कंपनी ने दावा किया है कि जो भी ग्राहक ‘MF Prime’ को चुनेंगे उन्हें आगे निवेश ‘रेगुलर प्लान’ के जरिए मिलेगा। कंपनी की ओर से दी जाने वाली सलाह और रिसर्च का खर्च इसी के जरिए मैनेज होगा। हालांकि, ग्राहकों के पुराने निवेश डायरेक्ट प्लान में ही बने रहेंगे और यदि कोई यूजर चाहे, तो वह कभी भी वापस डायरेक्ट प्लान पर स्विच कर सकता है। अभी Groww के पास 1 करोड़ से अधिक म्यूचुअल फंड निवेशक हैं और कंपनी डायरेक्ट म्यूचुअल फंड में 1.9 लाख करोड़ रुपये से अधिक के फंड को मैनेज कर रही है।
Groww का दावा है कि ‘MF Prime’ सिस्टम कंपनी की अपनी रिसर्च टीम और एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंजन पर आधारित है। यह सिस्टम फंड के प्रदर्शन, जोखिम और निवेशक की जरूरतों के आधार पर ‘बाय, होल्ड और एक्जिट’ जैसे सुझाव देता है।