बाजार

सरकारी टेलिकॉम कंपनी MTNL पर कर्ज का बोझ और बढ़ा, 7 बैंकों से बकाया पहुंचा इतने हजार करोड़

MTNL का कुल कर्ज जुलाई 2025 तक बढ़कर ₹34,577 करोड़ पहुंच गया है। इसमें बैंक लोन, सरकारी गारंटी वाले बॉन्ड और दूरसंचार विभाग से लिया गया लोन शामिल है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- August 18, 2025 | 3:13 PM IST

सरकारी टेलीकॉम कंपनी महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (MTNL) ने जुलाई 2025 के लिए अपना फाइनेंशियल अपडेट जारी किया है। कंपनी ने बताया कि उसके लोन डिफॉल्ट बढ़कर ₹8,659 करोड़ हो गए हैं। इसमें ₹7,794.34 करोड़ मूलधन और ₹864.75 करोड़ ब्याज शामिल है। जून 2025 में यह आंकड़ा ₹8,584.93 करोड़ था। यानी जुलाई में कंपनी पर ब्याज का बोझ और बढ़ गया है।

Also Read: दिवाली से पहले PM मोदी का गिफ्ट! स्मॉल कार और इंश्योरेंस प्रीमियम पर घट सकता है GST

किन बैंकों पर सबसे ज़्यादा बकाया?

MTNL के इस बढ़ते डिफॉल्ट का असर सात सरकारी बैंकों पर पड़ा है। इनमें सबसे ज्यादा पैसा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का फंसा है, जिस पर बकाया ₹3,768.37 करोड़ है। इसके बाद इंडियन ओवरसीज बैंक का ₹2,455.01 करोड़ और बैंक ऑफ इंडिया का ₹1,131.54 करोड़ बकाया है। वहीं पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक पर भी MTNL की देनदारी बाकी है।

  • यूनियन बैंक ऑफ इंडिया – ₹3,768.37 करोड़
  • इंडियन ओवरसीज़ बैंक – ₹2,455.01 करोड़
  • बैंक ऑफ इंडिया – ₹1,131.54 करोड़
  • पंजाब नेशनल बैंक – ₹478.26 करोड़
  • स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) – ₹363.43 करोड़
  • यूको बैंक – ₹276.08 करोड़
  • पंजाब एंड सिंध बैंक – ₹186.40 करोड़

MTNL का कुल कर्ज कितना है?

जुलाई 2025 के अंत तक MTNL का कुल वित्तीय कर्ज ₹34,577 करोड़ तक पहुंच गया। जून 2025 में यह ₹34,484 करोड़ था, यानी एक महीने में कंपनी का कुल कर्ज और बढ़ गया है। इसमें ₹8,659 करोड़ बैंक लोन, ₹24,071 करोड़ सॉवरेन-गारंटीड बॉन्ड्स और ₹1,921 करोड़ दूरसंचार विभाग से लिया गया लोन शामिल है।

शेयर बाजार में MTNL का हाल

MTNL हर महीने अपने कर्ज और भुगतान की स्थिति की जानकारी स्टॉक एक्सचेंजों को देती है, जैसा कि सेबी के नियमों में अनिवार्य है। ताजा अपडेट से साफ है कि कंपनी का ब्याज बकाया लगातार बढ़ रहा है। इसके बावजूद सोमवार को दोपहर 02:47 बजे BSE पर MTNL का शेयर ₹43.10 पर ट्रेड कर रहा था, जो करीब 2% की बढ़त दिखा रहा था।

First Published : August 18, 2025 | 3:13 PM IST