ब्रिटेन और यूएई समेत 11 देशों की वीजा सेवाएं बहाल

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 15, 2022 | 5:33 AM IST

ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), तुर्की, आयरलैंड और इटली समेत 11 देशों के वीजा आवेदन केंद्र भारत में फिर से अपनी सेवाएं शुरू करने जा रहे हैं। सेवा प्रदाता वीएफएस ने बुधवार को इन देशों के भारत स्थित वीजा आवेदन केंद्रों में फिर से काम शुरू होने की जानकारी दी। इस दौरान शारीरिक दूरी के मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा। भारत में कोविड महामारी की वजह से लागू लॉकडाउन की बंदिशों में छूट दिए जाने और सीमाएं खोलने की संभावनाएं देखते हुए इन केंद्रों को फिर से खोला जा रहा है।
भारत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय उड़ान पर 15 जुलाई तक रोक लगाई हुई है। इसके अलावा विदेशी नागरिकों को उनके देश भेजने के लिए भी सीमित उड़ानें ही संचालित की जा रही हैं। ब्रिटेन और आयरलैंड के वीजा आवेदन केंद्र भारत के 11 शहरों में 6 जुलाई से शुरू हो जाएंगे। जहां ब्रिटेन सभी श्रेणियों में वीजा आवेदन स्वीकार करेगा, वहीं आयरलैंड के लिए वीजा आवेदन केवल छात्र एवं लंबे प्रवास वीजा तक ही सीमित रहेंगे।
बेलारूस, डेनमार्क, डोमिनिक रिपब्लिक, इटली, नॉर्वे, पुर्तगाल, दक्षिण कोरिया और तुर्की के लिए वीजा सेवाएं फिलहाल दिल्ली केंद्र में ही उपलब्ध होंगी जबकि यूएई के लिए वीजा सेवा एमिरेट्स की भारत के लिए उड़ान बहाल होने के बाद ही ऑनलाइन उपलब्ध होगी। दुबई 7 जुलाई से अपने दरवाजे विदेशी पर्यटकों के लिए खोल रहा है जबकि तुर्की भी विदेशी मेहमानों का स्वागत करने को तैयार है।
वीएफएस ने कहा कि वीजा के लिए आवेदन करने वालों को इन केंद्रों पर जाने के पहले अप्वाइंटमेंट लेना होगा। उसने कहा, ‘सभी लोगों का आवेदन केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही तापमान जांचा जाएगा और तेज बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों वाले लोगों को भीतर नहीं प्रवेश करने दिया जाएगा। हालांकि सेहत में सुधार होने के बाद वे नए सिरे से अप्वाइंटमेंट ले सकते हैं।’

First Published : July 1, 2020 | 11:44 PM IST