राम मंदिर के लिए विहिप का अभियान 15 जनवरी से

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 10:53 AM IST

अयोध्या में बन रहे राम मंदिर से बड़े पैमाने पर जनता को जोडऩे और आर्थिक सहयोग लेने के लिए विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) अगले साल 15 जनवरी से अभियान शुरू करेगी। विहिप का यह श्रीराम मंदिर निधि समर्पण अभियान मकर संक्रांति से शुरू होकर माघ पूर्णिमा 27 फरवरी तक चलेगा।
इस अभियान के जरिये विहिप की योजना 11 करोड़ लोगों के घरों तक पहुंचने की है। परिषद का कहना है कि अयोध्या में राम जन्मभूमि पर बनने वाले भव्य मंदिर के लिए देश भर के प्रत्येक राम भक्त का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता पूज्य संतों व शेष समाज के लोगों के साथ घर-घर जाएंगे। अभियान के जरिए 11 करोड़ घरों के 50 करोड़ों लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।
राम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान की घोषणा करते हुए विश्व हिन्दू परिषद के उपाध्यक्ष व श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय  ने कहा कि आगामी मकर संक्रांति (15 जनवरी) से माघ-पूर्णिमा (27 फऱवरी) तक चलने वाले इस सघन अभियान में विहिप कार्यकर्ता देश के चार लाख गांवों के 11 करोड़ परिवारों से संपर्क कर राम जन्मभूमि से सीधे जोड़कर रामत्व का प्रसार करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की हर जाति,  मत,  पंथ,  संप्रदाय,  क्षेत्र व भाषा के लोगों के सहयोग के साथ राम मंदिर वास्तव में एक राष्ट्र मंदिर का रूप लेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमें सिर्फ निधि-दानी ही नहीं, बल्कि समय-दानी भी चाहिए।
गौरतलब है कि अयोध्या में राम जन्मभूमि विवाद पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय का फैसला आने के बाद मंदिर निर्माण का शिलान्यास इसी साल 4 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। विहिप पदाधिकारियों के मुताबिक जल्द ही एक अभियान शुरु कर देश के 2.75 लाख गांवों में राम प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। जिन गांवों में मंदिर नहीं होगा, वहां जन सहयोग के साथ राम मंदिर भी बनाया जाएगा। इससे पहले प्रदेश के मुख्‍यमंत्री ने राम मंदिर निर्माण के लिए जनसहयोग की अपील की थी। राम मंदिर का निर्माण कर रहे राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का कहना है कि आर्थिक सहयोग के अलावा बड़े पैमाने पर लोगों ने सोना व चांदी की शिलाएं भी दान की हैं। हालांकि ट्रस्ट ने अब लोगों से सोने-चांदी की जगह पैसों से सहयोग करने को कहा है। निखिल तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव कुणाल किशोर ने महावीर मंदिर, पटना की ओर से राम मंदिर के गर्भ गृह को सोने से मढऩे का एलान करते हुए 10 करोड़ रुपये दान दिया है। महावीर मंदिर पटना की ओर से दो करोड़ रुपये दिए भी जा चुके हैं। तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट के साथ ही कई अन्य धार्मिक संस्थाएं भी राम मंदिर के लिए आर्थिक सहयोग दे रही हैं।
योजना के मुताबिक अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण 2024 में पूरा हो पाएगा। हालांकि इसका पहला चरण 2022 में ही पूरा हो जाएगा।

First Published : December 18, 2020 | 12:40 AM IST