वित्त वर्ष 2020-21 में वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण भारत की प्रति व्यक्ति आमदनी (पीसीआई) वित्त वर्ष 20 के 1.52 लाख रुपये से 5.4 प्रतिशत घटकर 1.43 लाख रुपये रह सकती है। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की आर्थिक शाखा की हाल की रिपोर्ट में यह सामने आया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रति व्यक्ति आमदनी में गिरावट नॉमिनल जीडीपी में 3.8 प्रतिशत गिरावट से ज्यादा है।
राज्यों में दिल्ली, चंडीगढ़ और गुजरात सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे, जिनकी प्रति व्यक्ति आमदनी वित्त वर्ष 21 में क्रमश: 15.4 प्रतिशत, 13.9 प्रतिशत और 11.6 प्रतिशत घट सकती है। वहीं दूसरी तरफ अरुणाचल प्रदेश, गोवा और मणिपुर में इस अवधि के दौरान प्रतिव्यक्ति आय में सबसे कम गिरावट की उम्मीद है।
भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य आर्थिक सलाहकार सौम्यकांति घोष ने लिखा है, ‘हमारे परिणामों से संकेत मिलते हैं कि अखिल भारतीय स्तर पर वित्त वर्ष 21 में पीसीआी में 5.4 प्रतिशत की गिरावट रहेगी। पीसीआई में यह गिरावट नॉमिनल जीडीपी में 3.8 प्रतिशत गिरावट की तुलना में ज्यादा होगी।’