प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर इंडिया गेट पर उनकी होलोग्राम प्रतिमा का अनावरण किया। ग्रेनाइट से निर्मित एक प्रतिमा तैयार होने पर वह होलोग्राम प्रतिमा की जगह लेगी। प्रधानमंत्री ने अलंकरण समारोह में वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए ‘सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार’ भी प्रदान किए। समारोह के दौरान कुल सात पुरस्कार प्रदान किए गए।
केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत में लोगों और संगठनों के अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा को पहचान देने और सम्मानित करने के लिए वार्षिक पुरस्कार की शुरुआत की है। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व में कहा था कि यह प्रतिमा स्वतंत्रता संग्राम में बोस के अतुलनीय योगदान के लिए एक उपयुक्त श्रद्धांजलि होगी और यह देश के उनके प्रति ऋणी होने का प्रतीक होगी। होलोग्राम प्रतिमा को 30,000 लुमेन 4के प्रोजेक्टर द्वारा संचालित किया जाएगा। एक अदृश्य 90 प्रतिशत पारदर्शी होलोग्राफिक स्क्रीन इस तरह से लगाई गई है कि यह आगंतुकों को दिखाई नहीं देती। सरकार ने कहा है कि होलोग्राम का प्रभाव पैदा करने के लिए उस पर नेताजी की थ्रीडी तस्वीर लगाई जाएगी। इस प्रतिमा का आकार 28 फुट ऊंचा और 6 फुट चौड़ा है।
हर भारतीय को गर्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए रविवार को कहा कि हर भारतीय को देश के लिए उनके महत्त्वपूर्ण योगदान पर गर्व है। मोदी ने लोगों को ‘पराक्रम दिवस’ की भी शुभकामनाएं दीं। सरकार ने आजाद हिंद फौज के संस्थापक बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। मोदी ने ट्वीट किया, ‘मैं नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर नमन करता हूं। हर भारतीय को हमारे देश के लिए उनके महत्त्वपूर्ण योगदान पर गर्व है।’
ममता ने राष्ट्रीय अवकाश की मांग दोहराई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि यह दिन राज्य भर में ‘देश नायक दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने केंद्र से नेताजी की जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की दोबारा अपील की। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने एक ट्वीट में कहा कि क्रांतिकारी नेता की स्मृति में प्रदेश में जय हिंद विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी जिसका सारा खर्च राज्य सरकार उठायेगी।
ममता ने ट्वीट किया, ‘देशनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उनकी 125वीं जयंती पर श्रद्धांजलि। एक राष्ट्रीय और वैश्विक प्रतीक के तौर पर बंगाल से नेताजी का उदय भारतीय इतिहास में अद्वितीय है।’ उन्होंने लिखा, ‘हम फिर से केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि नेताजी के जन्मदिन को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाए ताकि पूर देश में राष्ट्रीय नेता को श्रद्धांजलि दी जा सके और देशनायक दिवस मनाया जा सके।’