मास्क पर प्रतिबंध अभी नहीं हटाया जाए

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 8:20 PM IST

कोरोनावायरस संक्रमण के मामलों में गिरावट के चलते देश के कुछ राज्यों में मास्क नहीं लगाने पर जुर्माना नहीं लेने का निर्णय लिया गया है लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रतिबंध को पूरी तरह हटाना जल्दबाजी वाला कदम होगा। उनका कहना है कि मास्क का प्रयोग करने से कोरोनावायरस के अलावा इन्फ्लुएंजा और स्वाइन फ्लू से भी बचा जा सकता है। महाराष्ट्र और दिल्ली की सरकारों ने हाल में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनने की अनिवार्यता में ढील देने का निर्णय लिया था।
पिछले दो साल से लागू इस नियम के तहत मास्क नहीं लगाने पर 2,000 रुपये के जुर्माने का प्रावधान था। प्रख्यात विषाणु विज्ञानी टी जैकब जॉन ने कहा कि चूंकि भारत में महामारी ‘समाप्त’ हो गई है, इसलिए सार्स सीओवी2 के प्रसार को रोकने के लिए मास्क की अब और आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि मास्क लगाने की अनिवार्यता खत्म कर दी जानी चाहिए और लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वेछा से मास्क लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ताकि टीबी, फ्लू और सांस की बीमारी फैलाने वाले अन्य सूक्ष्म जीवों के प्रसार को रोका जा सके। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के विषाणु विज्ञान उन्नत अनुसंधान केंद्र के पूर्व निदेशक जॉन ने कहा, ‘मास्क लगाने की इस आदत से बीमारियां कम फैलेंगी। वर्तमान में हम किडनी प्रत्यारोपण के मरीजों को मास्क लगाते देखते हैं। बस, ट्रेन, विमान आदि में सभी को इससे लाभ होगा।’ फरीदाबाद के फोर्टिस अस्पताल में डॉक्टर रवि शेखर झा ने कहा कि मास्क लगाने की अनिवार्यता जारी रहनी चाहिए और इस आदत को त्यागना उचित समय से पहले लिया गया फैसला होगा। झा ने कहा, ‘घातक दूसरी लहर ने दुनियाभर में कई जिंदगियां ले ली थीं। यह ऐसा था जो विश्व ने पहले कभी नहीं देखा। लोग पहली लहर के बाद थोड़े लापरवाह हो गए थे और संभवत: इसके कारण मौतें ज्यादा हुईं।’    

First Published : April 1, 2022 | 11:26 PM IST