देश भर में कोविड के मामले फिर बढ़े

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 3:22 AM IST

देश में कोरोना संक्रमितों के नए मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखी गई। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 54,069 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,00,82,778 हो गई। बुधवार को 50,848 मामले दर्ज किए गए थे। 1,321 और लोगों की मौत के बाद कोविड-19 महामारी से जान गंवाने वालों संख्या बढ़कर 3,91,981 हो गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 6,27,057 हो गई, जो कुल मामलों का 2.08 फीसदी है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96.61 फीसदी है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मामलों में कुल 16,137 कमी आई है। मंत्रालय ने कहा कि देश भर में पिछले 24 घंटे में 64.89 लाख लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लगाए गए, वहीं गुरुवार को 54.70 लाख टीके लगाए गए। अभी तक टीके की कुल 30.16 करोड़ खुराक लोगों को दी जा चुकी है। हालांकि बीते सोमवार को रिकॉर्ड 80 लाख कोरोना रोधी टीके लगाए गए थे लेकिन उसके बाद से विभिन्न राज्यों में टीकाकरण की रफ्तार थोड़ी कम हुई है।
इस बीच कोरोनावायरस की नई किस्म डेल्टा प्लस के मध्य प्रदेश में दो और रोगियों के मिलने से इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। महाराष्ट्र, केरल और मध्य प्रदेश में डेल्टा प्लस के मरीज सामने आए हैं।    

First Published : June 24, 2021 | 11:39 PM IST