ताजा खबरें

विंडफॉल टैक्स जीरो करने के बाद तेल कंपनियों के शेयरों में उछाल, ONGC और OIL का भाव 2.5% चढ़ा

सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित क्रूड ऑइल के लिए अप्रत्याशित लाभ कर यानी विंडफॉल टैक्स (Windfall tax) को घटाकर शून्य प्रति टन कर दिया है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- September 18, 2024 | 11:20 AM IST

Oil Stocks: तेल उत्खनन कंपनियों के शेयरों में बुधवार को शुरूआती कारोबार में जोरदार तेजी देखी गई। दरअसल सरकार ने 18 सितंबर से घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स (Windfall tax) जीरो कर दिया है। इसके चलते तेल कंपनियों के शेयरों में उछाल देखने को मिल रहा है।

व्यक्तिगत रूप से अबंस ऑफशोर (Abans Offshore) के शेयर की कीमत में 2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। साथ ही हिंदुस्तान ऑयल एक्सप्लोरेशन और ऑयल इंडिया के शेयर की कीमत में 1.9 प्रतिशत तक की तेजी आई।

ओएनजीसी के शेयर की कीमत में 1.2 प्रतिशत और सेलन एक्सप्लोरेशन के शेयर की कीमत में 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। तुलनात्मक रूप से बीएसई सेंसेक्स सुबह 9:55 बजे 26 अंक चढ़कर 83,100 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित क्रूड ऑइल के लिए अप्रत्याशित लाभ कर यानी विंडफॉल टैक्स (Windfall tax) को घटाकर शून्य प्रति टन कर दिया है। टैक्स की नयी दर 18 सितंबर यानी बुधवार से प्रभावी होगी।

बता दें कि यह टैक्स विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (एसएईडी) के रूप में लगाया जाता है। दो सप्ताह में औसत तेल की कीमतों के आधार पर हर पखवाड़े इसे अधिसूचित किया जाता है। इससे पहले, संशोधन 31 अगस्त से प्रभावी हुआ था। उस समय कच्चे पेट्रोलियम पर अप्रत्याशित लाभ कर 1,850 रुपये प्रति टन निर्धारित किया गया था।

मंगलवार रात को जारी आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि डीजल, पेट्रोल और विमान ईंधन (ATF) के निर्यात पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क को शून्य कर दिया गया है। नई दरें 18 सितंबर से प्रभावी होंगी।

इसके अलावा ब्रेंट क्रूड ऑइल अपने हालिया शिखर 91 डॉलर प्रति बैरल से 20 प्रतिशत से अधिक गिरकर अब 73 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है। सालाना आधार पर, ब्रेंट क्रूड ऑयल लगभग 5 प्रतिशत फिसल गया है।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट हाल ही में और गहरी हो गई क्योंकि चीन में लगातार सुस्त मांग के साथ-साथ अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मंदी की आशंकाएं सामने आईं है।

First Published : September 18, 2024 | 11:13 AM IST