18.5 प्रतिशत सिकुड़ेगा कारोबार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 15, 2022 | 9:15 AM IST

विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने सोमवार को अपनी रिपोर्ट में कहा है कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण जून तिमाही में वैश्विक कारोबार की मात्रा में 18.5 प्रतिशत की कमी आएगी। साल 2020 की पहली तिमाही में कारोबार 3 प्रतिशत सिकुड़ा था।
दूसरी तिमाही के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, जब वायरस से जुड़े लॉकडाउन के कारण बड़े पैमाने पर वैश्विक आबादी प्रभावित हुई है, संकेत मिलते हैं कि कारोबार के सभी क्षेत्रों में चुनौतियां हैं। बहरहाल डब्ल्यूटीओ ने कहा है कि 2020 में मात्रा के हिसाब से वैश्विक कारोबार में 13 प्रतिशत तक कमी आएगी और खराब स्थिति में 32 प्रतिशत की गिरावट नहीं होगी, जैसा कि शुरुआत में संकेत दिए गए थे।
डब्ल्यूटीओ ने कहा है, ‘अगर आगे 2021 की स्थिति देखें तो बुरे असर, खासकर कोविड-19 के दोबारा प्रसार, उम्मीद से कम आर्थिक वृद्धि या बड़े पैमाने पर कारोबारी प्रतिबंधों की वजह से कारोबार के विस्तार में गिरावट पहले के अनुमानों की तुलना में कम रह सकती है।’
अप्रैल महीने में डब्ल्यूटीओ ने अपने सालाना कारोबारी अनुमान में इस बात पर जोर दिया था कि आशावादी परिदृश्य में 2020 में वाणिज्यिक लेन देन 13 प्रतिशत सिकुड़ सकता है, जबकि निराशावादी स्थिति के हिसाब से देखें दो गिरावट 32 प्रतिशत तक जा सकती है। अब कारोबार से जुड़े अर्थशास्त्रियों का कहना है कि आशावादी हिसाब से लक्ष्य हासिल करने के लिए शेष वर्ष में कारोबार में सिर्फ 2.5 प्रतिशत प्रति तिमाही बढ़ोतरी की जरूरत है।
वैश्विक वाणिज्यिक उड़ानों में, जिनकी अंतरराष्ट्रीय एयर कार्गो में उल्लेखनीय हिस्सेदारी होती है, 5 जनवरी से 18 अप्रैल के बीच 74 प्रतिशत कमी आई है और उसके बाद से जून के मध्य तक इसमें 58 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। कंटेनर पोर्ट से ढुलाई में मई की तुलना में जून में सुधार हुआ है। वहीं पर्चेजिंग मैनेजर्स इंडाइसेज के मुताबिक निर्यात के नए ऑर्डर में अप्रैल की तुलना में मई में सुधार के संकेत मिल रहे हैं।
डब्ल्यूटीओ के महानिदेशक रॉबर्टो अजेवेदो ने कहा, ‘अगले 2 साल तक वैश्विक अर्थव्यवस्था की स्थिति बहुत ही अनिश्चित बनी रहेगी।’

First Published : June 23, 2020 | 11:23 PM IST