File Image
Trump IRGC Surrender Warning: अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से हथियार डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर वे आत्मसमर्पण करते हैं तो उन्हें “पूरी तरह सुरक्षा और माफी” दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं करने पर “पक्की मौत” का सामना करना पड़ सकता है।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मेजर लीग सॉकर चैंपियंस के कार्यक्रम के दौरान कहा कि आईआरजीसी, सेना और पुलिस के सदस्यों को हथियार छोड़ देने चाहिए। उन्होंने कहा कि अब समय है कि वे ईरानी जनता के साथ खड़े हों और देश को वापस अपने हाथ में लेने में मदद करें।
ट्रंप ने आईआरजीसी के सदस्यों से इतिहास के सही पक्ष में खड़े होने की अपील की और कहा कि अगर वे हथियार छोड़ देंगे तो उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने दुनिया भर में मौजूद ईरानी राजनयिकों से भी अपील की कि वे शरण मांगें और अमेरिका के साथ मिलकर “नया और बेहतर ईरान” बनाने में मदद करें।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करेगा कि भविष्य में जो भी ईरान का नेतृत्व संभाले, वह अमेरिका या किसी अन्य देश के लिए खतरा न बने।
यह पढ़ें: ईरान युद्ध से इजराइल की अर्थव्यवस्था पर भारी दबाव, 6 दिन में 3 अरब डॉलर नुकसान का अनुमान: रिपोर्ट
इससे एक दिन पहले ट्रंप ने कहा था कि ईरान के अगले नेता के चयन में उन्हें व्यक्तिगत रूप से शामिल होना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामनेई के बेटे मोजतबा खामनेई को देश का अगला नेता स्वीकार नहीं करेंगे। शुक्रवार को दिया गया यह बयान ट्रंप की ओर से पहली सार्वजनिक अपील है, जिसमें उन्होंने ईरानी सेना और राजनयिकों से आत्मसमर्पण करने को कहा है।
पश्चिम एशिया में तनाव तब बढ़ गया जब 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने मिलकर ईरान पर सैन्य हमला किया, जिसमें खामनेई सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल और पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।