अंतरराष्ट्रीय

Pakistan: बलूचिस्तान प्रांत में आतंकवादियों ने 11 लोगों की हत्या की

पुलिस ने शनिवार को बताया कि पहली घटना में सशस्त्र हमलावरों ने शुक्रवार को नोश्की जिले में एक राजमार्ग पर एक बस रुकवायी और बंदूक का डर दिखाकर नौ पुरुषों का अपहरण कर लिया।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 13, 2024 | 2:00 PM IST

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में अज्ञात आतंकवादियों ने कम से कम 11 लोगों की हत्या कर दी जिसमें नौ बस यात्री शामिल हैं। पुलिस ने शनिवार को बताया कि पहली घटना में सशस्त्र हमलावरों ने शुक्रवार को नोश्की जिले में एक राजमार्ग पर एक बस रुकवायी और बंदूक का डर दिखाकर नौ पुरुषों का अपहरण कर लिया।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बाद में इन नौ पुरुषों के शव नजदीकी पर्वतीय इलाके में एक पुल के समीप मिले और उनके शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए।’’

उन्होंने बताया, ‘‘यह बस क्वेटा से ताफ्तान जा रही थी तभी सशस्त्र हमलावरों ने बस रुकवाई और यात्रियों की पहचान करने के बाद नौ पुरुषों को अगवा करके पर्वतीय इलाकों में ले गए।’’

एक अन्य घटना में इसी राजमार्ग पर एक कार पर गोलीबारी की गयी जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गयी तथा दो अन्य घायल हो गए। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने कहा कि नोश्की राजमार्ग पर 11 लोगों की हत्या में शामिल आतंकवादियों को बख्शा नहीं किया जाएगा और उन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन आतंकवादियों का उद्देश्य बलूचिस्तान की शांति भंग करना है। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल वक्त में मृतक के परिवारों के साथ है। अभी तक किसी भी प्रतिबंधित संगठन ने इन हत्याओं की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन इस साल हाल के हफ्तों में प्रतिबंधित संगठनों और आतंकवादियों द्वारा आतंकी हमलों की घटनाओं में वृद्धि हुई है।

First Published : April 13, 2024 | 2:00 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)