अंतरराष्ट्रीय

Jill Biden Gift: नरेंद्र मोदी ने जो बाइडन की पत्नी को दिया सबसे महंगा तोहफा, 20 हजार डॉलर का हीरा किया था गिफ्ट

नरेंद्र मोदी की ओर से दिया गया 7.5 कैरेट का हीरा 2023 में राष्ट्रपति के परिवार के किसी भी सदस्य को मिला सबसे महंगा गिफ्ट है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- January 03, 2025 | 1:15 PM IST

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और उनके परिवार को 2023 में विदेशी नेताओं से लाखों डॉलर के तोहफे मिले, जिनमें सबसे कीमती तोहफा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो बाइडन की पत्नी जिल बाइडन को दिया। जिल बाइडन को प्रधानमंत्री मोदी की ओर से 20 हजार अमेरिकी डॉलर का हीरा गिफ्ट किया गया था।

विदेश मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी किए गए वार्षिक लेखा-जोखा के अनुसार, मोदी की ओर से दिया गया 7.5 कैरेट का हीरा 2023 में राष्ट्रपति के परिवार के किसी भी सदस्य को मिला सबसे महंगा गिफ्ट है। इसके अलावा बाइडन परिवार को अमेरिका में यूक्रेन के राजदूत से 14,063 अमेरिकी डॉलर का एक ‘ब्रोच’ और मिस्र के राष्ट्रपति तथा प्रथम महिला से 4,510 अमेरिकी डॉलर का एक ‘ब्रेसलेट’, ब्रोच और फोटो एल्बम भी मिली।

‘व्हाइट हाउस’ के ईस्ट विंग में रखा गया मोदी का गिफ्ट

मंत्रालय के दस्तावेज के अनुसार, मोदी द्वारा भेंट किया गया 20 हजार अमेरिकी डॉलर का हीरा ‘व्हाइट हाउस’ के ईस्ट विंग में रखा गया है जबकि राष्ट्रपति तथा प्रथम महिला को मिले अन्य गिफ्ट अभिलेखागार में भेज दिए गए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडन को भी कई महंगे गिफ्ट मिले। इनमें दक्षिण कोरिया के वर्तमान में महाभियोग का सामना कर रहे राष्ट्रपति यून सुक येओल से 7,100 अमेरिकी डॉलर का एक फोटो एल्बम, मंगोलियाई प्रधानमंत्री से 3,495 अमेरिकी डॉलर की मंगोल योद्धाओं की मूर्ति, ब्रुनेई के सुल्तान से 3,300 अमेरिकी डॉलर का चांदी का कटोरा, इज़राइल के राष्ट्रपति से 3,160 अमेरिकी डॉलर की चांदी की ट्रे और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से 2,400 अमेरिकी डॉलर का कोलाज शामिल हैं।

अमेरिका के संघीय कानून के मुताबिक, अधिकारियों को विदेशी नेताओं और उनके समकक्षों से मिले गिफ्टों की घोषणा करनी होती है, जिनका अनुमानित मूल्य 480 अमेरिकी डॉलर से अधिक है। इस सीमा को पूरा करने वाले कई गिफ्ट अपेक्षाकृत मामूली होते हैं, और अधिक महंगे गिफ्ट या तो राष्ट्रीय अभिलेखागार में ट्रांसफर कर दिए जाते हैं या आधिकारिक प्रदर्शनी के लिए रखे जाते हैं। हालांकि, कुछ मामलों में ऐसा नहीं होता है।

लेकिन अगर जिन्हें यह गिफ्ट मिला है, उन्हें अमेरिकी सरकार से गिफ्ट को उसके बाजार मूल्य के हिसाब से खरीदने का विकल्प भी होता है। लेकिन कुछ मामलों में ऐसा नहीं होता, खासकर अगर गिफ्ट बहुत महंगा हो तो।

(एजेंसी के इनपुट के साथ)

First Published : January 3, 2025 | 1:15 PM IST