भारत

Weather Update Today: उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे का कहर, IMD ने जारी की चेतावनी

उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण ठंड और घने कोहरे का असर जारी है, जिसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट और यात्रा व स्वास्थ्य संबंधी सलाह जारी की है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- January 04, 2026 | 9:23 AM IST

उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण ठंड और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम की खराब स्थिति के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि आने वाले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है।

कई राज्यों में घना से बहुत घना कोहरा

IMD के अनुसार, रात और सुबह के समय पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 7 जनवरी तक घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 जनवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 जनवरी तक कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
पूर्वी राजस्थान में 4 जनवरी तक और ओडिशा में 6 जनवरी तक घना कोहरा पड़ सकता है।

इसके अलावा जम्मू, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 6 जनवरी तक तथा हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 जनवरी तक कुछ इलाकों में कोहरा देखने को मिल सकता है।

राजस्थान, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ में 5 जनवरी तक, मध्य प्रदेश में 7 जनवरी तक और बिहार में 9 जनवरी तक कोहरे की संभावना जताई गई है।

ठंड और शीत लहर का अलर्ट

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 7 जनवरी तक कुछ स्थानों पर शीत लहर चल सकती है। पश्चिम राजस्थान में 5 से 8 जनवरी और पूर्वी राजस्थान में 4 से 8 जनवरी के बीच ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।

कोल्ड डे की चेतावनी

उत्तराखंड में 3 और 4 जनवरी को, उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3 जनवरी को तथा बिहार में 3 से 5 जनवरी के दौरान कुछ इलाकों में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति रह सकती है।

बारिश और बर्फबारी का अनुमान

5 और 6 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 6 जनवरी को भी बारिश या बर्फबारी की संभावना है। मेघालय में 3 जनवरी को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है।

दिल्ली का मौसम

राजधानी दिल्ली में ठंड बनी हुई है। अगले एक हफ्ते तक मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। अधिकतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

यात्रा को लेकर IMD की सलाह

IMD ने चेतावनी दी है कि कोहरे के कारण हवाई अड्डों, राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलवे मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे उड़ान, ट्रेन और बस सेवाओं से जुड़ी जानकारी समय-समय पर लेते रहें।

स्वास्थ्य पर असर

मौसम विभाग ने बताया कि घने कोहरे में मौजूद प्रदूषक तत्व सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। लंबे समय तक कोहरे में रहने से सांस की दिक्कत, खांसी, घरघराहट और फेफड़ों की क्षमता पर असर पड़ सकता है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

First Published : January 4, 2026 | 9:23 AM IST