उत्तर प्रदेश

UP: कन्नौज रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत ढही; कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका

कन्नौज के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि यह एक गंभीर हादसा है। प्राथमिकता सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 11, 2025 | 4:26 PM IST

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत निर्माणाधीन दो मंजिला भवन का लिंटर ढहने से रेलवे के कई कर्मी और मजदूर मलबे में दब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है।

तत्काल बचाव अभियान शुरू करके छह घायल मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया है। हादसे के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भी भगदड़ मच गई। मौके पर अधिकारियों ने आकर जांच पड़ताल शुरू की और बचाव अभियान शुरू किया।

कन्नौज के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि यह एक गंभीर हादसा है। प्राथमिकता सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।

उन्होंने कहा कि हादसे के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमें भी राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

अब तक छह मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया है, जबकि अभी भी करीब बीस मजदूर मलबे में फंसे हुए हैं। घायलों को नजदीकी जिला अस्पताल और कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया है। राहत और बचाव कार्य जारी हैं।

First Published : January 11, 2025 | 4:25 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)