भारत

Jammu & Kashmir: डोडा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल

J-K: अधिकारियों के अनुसार, उधमपुर में मंगलवार शाम करीब छह बजे सुरक्षाबलों को आतंकवादियों की मौजूदगी का पता चला था। आधे घंटे बाद उनके बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 14, 2024 | 2:37 PM IST

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार को आतंकवादियों की तलाश के लिए चल रहे अभियान में सेना का एक कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि समझा जाता है कि मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि शिवगढ़-अस्सार पट्टी में छिपे आतंकवादियों की तलाश करने के लिए सुरक्षाबलों और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया और इस दौरान घने जंगलों वाले इलाके में उनके बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हुई इस गोलीबारी में एक नागरिक भी घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से खून से लथपथ चार बैग बरामद किए गए हैं। साथ ही एम-4 कार्बाइन भी बरामद की गई हैं।

एक अधिकारी ने कहा, ”आतंकवादी अस्सार में एक नदी के किनारे छिपे हुए हैं।” उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच संक्षिप्त मुठभेड़ होने के बाद आतंकवादी उधमपुर जिले के पटनीटॉप के निकट जंगल से डोडा में घुस आए।

अधिकारियों के अनुसार, उधमपुर में मंगलवार शाम करीब छह बजे सुरक्षाबलों को आतंकवादियों की मौजूदगी का पता चला था। आधे घंटे बाद उनके बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षाबलों ने रातभर में इलाके को चारों ओर से घेर लिया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने आज सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किया। आज सुबह करीब 7.30 बजे फिर से आतंकवादियों और जवानों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

First Published : August 14, 2024 | 2:36 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)