भारत

दिल्ली में महंगा हुआ पॉल्यूशन सर्टिफिकेट बनवाना, 80 की बजाय अब देने पड़ेंगे इतने रुपये

दिल्ली सरकार ने लगभग 13 साल के अंतराल के बाद पेट्रोल, सीएनजी और डीजल वाहनों के लिए प्रदूषण नियंत्रण (PUC) प्रमाण पत्र के लिए शुल्क में वृद्धि की है।

Published by
बीएस वेब टीम   
भाषा   
Last Updated- July 11, 2024 | 5:35 PM IST

Delhi PUC Price: देश की राजधानी दिल्ली में अब अपने वाहन के लिए पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (PUC) बनवाना महंगा हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) नीट दिल्ली सरकार ने सर्टिफिकेट की कीमतों में इजाफा करने का फैसला किया है।

बता दें कि अभी दिल्ली में टू व्हीलर और थ्री व्हीलर का पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (PUC) बनवाने के लिए 60 रुपये पड़ते है। हालांकि, अब इस शुल्क को 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये कर दिया गया है।

वहीं, कार मालिकों को अपनी गाड़ी का पॉल्यूशन सर्टिफिकेट (PUC) बनवाने के लिए अब 80 रुपये की बजाय 110 रुपये खर्चने पड़ेंगे। हालांकि, यह कीमतें सीएनजी और पेट्रोल गाड़ियों के लिए है जबकि डीजल कार के लिए अब 140 रुपये देने होंगे। पहले इसके लिए 100 रुपये देने पड़ते थे।

13 साल बाद पॉल्यूशन सर्टिफिकेट की कीमतों में इजाफा

दिल्ली के ट्रांसपोर्ट मंत्री कैलाश गहलोत ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली सरकार ने लगभग 13 साल के अंतराल के बाद पेट्रोल, सीएनजी और डीजल वाहनों के लिए प्रदूषण नियंत्रण (PUC) प्रमाण पत्र के लिए शुल्क में वृद्धि की है।

उन्होंने एक बयान में कहा कि दोपहिया और तीन पहिया वाहनों के पीयूसी प्रमाणपत्र के लिए शुल्क 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये और चार पहिया वाहनों के लिए 80 रुपये से बढ़ाकर 110 रुपये कर दिया गया है।

गहलोत ने कहा कि डीजल वाहनों के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र शुल्क 100 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार शहर की वायु गुणवत्ता बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सभी वाहनों में आवश्यक प्रदूषण मानकों को पूरा किया जाये।

First Published : July 11, 2024 | 5:35 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)