भारत

दिल्ली-NCR में जारी रहेगा कोल्ड डे तो UP-बिहार के लोग पछुआ हवा से परेशान, जानिए आपके राज्य का क्या है हाल

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली-NCR  में अगले तीन दिनों तक कोल्ड के स्थिति बनी रहेगी।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- January 08, 2025 | 7:00 AM IST

Weather Update: दिल्ली-NCR समेत पूरा उत्तर भारत ठंड की वजह से कंपकंपा रहा है। दिल्ली-NCR, पंजाब-हरियाणा सहित यूपी-बिहार में अगले तीन दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने कई जगहों पर अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। आज इन क्षेत्रों में सुबह और शाम को घना कोहरा छाया रहेगा।

दिल्ली में कोल्ड डे जैसी स्थिति

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली-NCR में अगले तीन दिनों तक कोल्ड के स्थिति बनी रहेगी। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं की वजह से ठंडी हवाएं भी चलती रहेंगी। अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक रह सकता है। 11 और 12 जनवरी को हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है।

तेज हवाओं का असर दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर भी पड़ा है। सीपीसीबी के मुताबिक, दिल्ली का एक्यूआई मंगलवार को 296 यानी ”खराब” श्रेणी में रहा। एक दिन पहले सोमवार को यह 335 था। 24 घंटे के भीतर इसमें 39 अंकों की गिरावट आई है।

पंजाब-हरियाणा का मौसम

पंजाब-हरियाणा के क्षेत्रों में भी आज सुबह घना कोहरा छाया था। हालांकि, दिन में कोहरे में कमी आ सकती है लेकिन दिनभर शीतलहर चलती रहेगी, जिससे लोगों को परेशानी होगी। पंजाब और हरियाणा के कई जगहों पर ठंड को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी-बिहार में भी ठंड से लोग परेशान

अगर बात उत्तर प्रदेश की करें तो यहां पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक ठंड का कहर बरकरार है। पछुआ हवा की वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है और कई जगहों पर शीत लहर छाया रहेगा। अगले कई दिनों तक अधिकतर जगहों पर सुबह और शाम को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई जिलों में 11 और 12 जनवरी को बारिश होने की संभावना है।

बिहार में भी पछुआ हवा की वजह से शीतलहर का प्रकोप जारी है। 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की  रफ्तार से आज हवा के चलने की संभावना है। आज प्रदेश में कई जगहों पर तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों का क्या है हाल

अगर बात जम्मू कश्मीर की करें तो यहां आज मौसम साफ रहने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी भी पहाड़ी इलाकों में तापमान शुन्य से नीचे ही रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिसकी वजह से वहां येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में आज मौसम साफ रहने की संभावना है।

First Published : January 8, 2025 | 6:45 AM IST