केंद्र सरकार ने सोमवार को संजय मल्होत्रा को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का नया गवर्नर नियुक्त किया। मल्होत्रा वर्तमान में राजस्व विभाग में सचिव के रूप में कार्यरत हैं। वह 11 दिसंबर 2024 से शक्तिकांत दास की जगह यह पद संभालेंगे। RBI के गवर्नर के रूप में उनका कार्यकाल तीन साल का होगा।
संजय मल्होत्रा राजस्थान कैडर के 1990 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री ली है और प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से पब्लिक पॉलिसी में मास्टर्स किया है। अपने करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है, जिनमें REC लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर और वित्तीय सेवाओं के सचिव शामिल हैं।
दिसंबर 2022 में मल्होत्रा ने राजस्व सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके अलावा, अप्रैल 2023 में उन्हें कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया।
शक्तिकांत दास का कार्यकाल 10 दिसंबर को हो रहा समाप्त
शक्तिकांत दास का कार्यकाल 10 दिसंबर 2024 को समाप्त हो रहा है। उनकी छह साल की अवधि में आरबीआई ने कोविड-19 महामारी, यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशियाई संकट जैसी कई चुनौतियों का सामना किया। हालांकि, हाल ही में आरबीआई द्वारा ब्याज दरों में कटौती न करने के फैसले पर सरकार और उद्योग से आलोचना हुई थी क्योंकि GDP ग्रोथ सितंबर तिमाही में 5.4% तक धीमी हो गई थी।
आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की आखिरी बैठक में रेपो रेट लगातार 11वीं बार 6.5% पर स्थिर रखा गया। शक्तिकांत दास ने स्पष्ट किया था कि आरबीआई का पहला लक्ष्य मुद्रास्फीति को नियंत्रण में रखना है। संजय मल्होत्रा के कार्यभार संभालने के बाद यह देखना होगा कि वे मुद्रास्फीति और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बनाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।