चुनाव

Mizoram Election Results: दो तिहाई बहुमत के साथ ZPM ने MNF को किया सत्ता से बेदखल, मुख्यमंत्री जोरमथांगा हारे

मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार लालदुहोमा मंगलवार को मिजोरम के राज्यपाल से मुलाकात करेंगे

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- December 04, 2023 | 4:18 PM IST

Mizoram Election Results 2023 : मिजोरम में विधानसभा चुनाव की आज यानी सोमवार (4 दिसंबर) को मतगणना शुरू हो गई है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। इस बार चुनाव में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (MNF), जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है।

मिजोरम में मतगणना रविवार को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के साथ होनी थी। हालांकि, राजनीतिक दलों, गैर सरकारी संगठनों, चर्च और छात्र संगठनों की अपील के बाद निर्वाचन आयोग ने इसे स्थगित कर दिया क्योंकि रविवार का दिन ईसाई बहुल मिजोरम के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।

मिजोरम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच लियानजेला ने बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 13 केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इन 13 केंद्रों पर 40 विधानसभा सीट में से प्रत्येक के लिए एक मतगणना हॉल बनाया गया है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी और सुबह 8.30 बजे से ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती शुरू होगी।

एच लियानजेला ने कहा कि 12 विधानसभा क्षेत्रों वाले आइजोल जिले में तीन मतगणना केंद्र जबकि 10 अन्य जिलों में एक-एक केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ सीट पर जहां मतदाताओं की संख्या कम है, केवल दो दौर की गिनती होगी, लेकिन अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों में पांच दौर की गिनती होगी।

मतगणना प्रक्रिया में 4,000 से अधिक कर्मी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, ईवीएम के लिए 399 टेबल और डाक मतपत्रों की गिनती के लिए 56 टेबल होंगी। मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान सात नवंबर को हुआ था और राज्य के 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। चुनाव में 18 महिलाओं सहित कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं।

MNF, ZPM और कांग्रेस ने 40-40 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि भाजपा ने 13 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। मिजोरम में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा 17 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे।

First Published : December 4, 2023 | 9:05 AM IST

मुख्य घटनाएं

15:24

मिजोरम विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री जोरमथांगा हारे

मिजोरम के मुख्यमंत्री और MNF उम्मीदवार जोरमथांगा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और ZPM के उम्मीदवार लालथनसांगा से 2,101 मतों से आइजोल पूर्वी -1 सीट से चुनाव हार गये हैं। निर्वाचन आयोग ने इसकी जानकारी दी।

आयोग ने बताया कि लालथनसांगा को 10,727 मत मिले जबकि जोरामथांगा को 8,626 मत प्राप्त हुये। विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांगेस उम्मीदवार लालसंगलुरा राल्ते को केवल 2,520 मतों से ही संतोष करना पड़ा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार को सुबह आठ बजे विधानसभा के लिये डाले गये वोटों की गिनती का काम शुरू हुआ।
15:20

मिजोरम की सभी 40 सीटों के नतीजे घोषित

जोरम पीपल्स मूवमेंट (ZPM) ने मिजोरम विधानसभा की 40 में से 27 सीट जीतकर सोमवार को राज्य में बहुमत हासिल कर लिया। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। MNF ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा के खाते में 2 सीटें गई और कांग्रेस को 1 सीट से ही संतोष करना पड़ा।
14:47

ZPM ने इन सीटों पर दर्ज की जीत

ZPM ने जिन सीट पर जीत हासिल की, उनमें कोलासिब, चालफिल, तवी, आइजोल नॉर्थ-द्वितीय, आइजोल वेस्ट-प्रथम, आइजोल वेस्ट-द्वितीय, आइजोल वेस्ट-तृतीय, आइजोल साउथ-प्रथम, आइजोल साउथ-तृतीय, लेंगतेंग, तुइचांग, चम्फाई नॉर्थ, तुइकुम, ह्रांगतुर्जो, साउथ तुइपुई, लुंगलेई वेस्ट, लुंगलेई साउथ और लांग्टलाई ईस्ट शामिल हैं।
14:34

ZPM को मिला बहुमत, 40 में से 21 सीट जीतीं

जोरम पीपल्स मूवमेंट (ZPM) ने मिजोरम विधानसभा की 40 में से 21 सीट जीतकर सोमवार को राज्य में बहुमत हासिल कर लिया। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। आयोग ने बताया कि मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के बीच ZPM 21 सीट जीतने के अलावा छह अन्य सीट पर आगे है।

जीत हासिल करने वाले ZPM के प्रमुख नेताओं में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार लालदुहोमा शामिल हैं। उन्होंने सेरछिप सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) के जे. माल्सावमजुआला वानचावंग को 2,982 वोट से हराया।
13:43

ZPM को मिला बहुमत

मिजोरम विधानसभा में जोरम पीपल्स मूवमेंट (ZPM) को बहुमत, 40 में से 21 सीट जीतीं: निर्वाचन आयोग।
12:50

मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार लालदुहोमा मंगलवार को मिजोरम के राज्यपाल से मुलाकात करेंगे

12:32

पलक सीट पर भाजपा उम्मीदवार ह्राह्मो जीते

मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के. ह्राह्मो ने पलक विधानसभा क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) के नेता के. टी. रोखाव को 1,241 वोटों से हरा दिया। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

ह्राह्मो को 6,064 वोट मिले जबकि रोखाव को 4,823 मत मिले। निर्वाचन आयोग ने बताया कि कांग्रेस के उम्मीदवार आई.पी. जूनियर को 3,729 मत मिले, जबकि जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) के उम्मीदवार के रॉबिन्सन को 1,378 वोट मिले। राज्य में मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई।
12:28

ZPM अध्यक्ष लालदुहोमा जीते

ZPM के अध्यक्ष लालदुहोमा ने सेरछिप सीट पर 2982 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 8314 वोट मिले।
12:10

ZPM दो तिहाई बहुमत के करीब, कांग्रेस का अभी खाता भी नहीं खुला

मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की सोमवार को जारी गणना के बीच विपक्षी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) दो तिहाई बहुमत के करीब पहुंच गई है। ZPM ने फिलहाल 8 सीटें जीत ली है और 18 पर आगे चल रही है। MNF को एक सीट पर जीत मिली है और वह 10 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा के खाते में एक सीट आई है। भाजपा दो सीटों पर आगे है। कांग्रेस का अभी खाता भी नहीं खुला है। हालांकि वह एक सीट पर आगे चल रही है।
11:57

ZPM रुझानों में MNF से आगे

मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए डाले गए मतों की सोमवार को जारी गणना के बीच विपक्षी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) ने एक सीट पर जीत हासिल कर ली और 25 सीटों पर बढ़त बना ली। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

आयोग के अनुसार, राज्य में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) 10 सीट और कांग्रेस एक सीट पर आगे है। मिजोरम में 40 विधानसभा सीट हैं और बहुमत के लिए 21 सीट जीतनी आवश्यक है।

उपमुख्यमंत्री तावंलुइया को तुइचांग सीट में ZPM के उम्मीदवार डब्ल्यू चुआनावमा से 909 मतों के अंतर से शिकस्त मिली। दो दौर की मतगणना के बाद मुख्यमंत्री जोरमथंगा आइजोल ईस्ट-1 सीट पर ZPM उम्मीदवार लालथनसांगा से पीछे हैं।

ZPM उम्मीदवार जेजे लालपेखलुआ साउथ तुईपुई सीट पर स्वास्थ्य मंत्री आर लालथंगलियाना से आगे हैं। मुख्यमंत्री पद के लिए ZPM के उम्मीदवार लालदुहोमा सेरछिप सीट पर आगे हैं।
11:49

ग्रामीण विकास मंत्री लालरुआत्किमा आइजोल वेस्ट-द्वितीय सीट से हारे

मिजोरम के ग्रामीण विकास मंत्री लालरुआत्किमा आइजोल वेस्ट-द्वितीय सीट पर ZPM के उम्मीदवार लालनघिंगलोवा हमार से हारे।
11:36

स्वास्थ्य मंत्री आर लालथंगलियाना भी चुनाव हारे

मिजोरम के स्वास्थ्य मंत्री आर लालथंगलियाना साउथ तुईपुई सीट से ZPM उम्मीदवार जेजे लालपेखलुआ से हारे।
10:47

मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा आइजोल पूर्व-1 में 1,700 वोटों से पीछे

मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा आइजोल पूर्व-I निर्वाचन क्षेत्र में ZPM के लालथनसांगा से 1,700 वोटों से पीछे चल रहे हैं।
10:32

मिजोरम के उपमुख्यमंत्री तावंलुइया को तुइचांग में ZPM के उम्मीदवार से शिकस्त मिली

मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के बीच उपमुख्यमंत्री तावंलुइया को तुइचांग सीट में ZPM के उम्मीदवार डब्ल्यू चुआनावमा से शिकस्त मिली। निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी।

मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) के तावंलुइया को 6,079 वोट मिले जबकि जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) के उम्मीदवार डब्ल्यू. चुआनावमा को 6,988 वोट मिले। निर्वाचन आयोग ने बताया कि कांग्रेस उम्मीदवार सी. लालहरियातुइया को 1,674 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार लालहमुंसियामी को केवल 67 वोट मिले।

मिजोरम में विधानसभा चुनाव में मतों की गिनती कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच. लियानजेला ने बताया कि मतगणना राज्य भर में 13 केंद्रों पर हो रही है।
10:06

मिजोरम के उपमुख्यमंत्री तावंलुइया चुनाव हारे

चुनाव आयोग के मुताबिक, मिजोरम के उपमुख्यमंत्री तावंलुइया को तुइचांग में ZPM के उम्मीदवार डब्ल्यू चुआनावमा से शिकस्त मिली।
09:48

ZPM 24 सीटों पर आगे, MNF 11 सीटों पर आगे

शुरुआती रुझानों के मुताबिक मिजोरम में पार्टियों की स्थिति

ZPM - 24

MNF - 11

कांग्रेस- 2

बीजेपी- 2
09:43

ZPM 15 सीटों पर आगे, MNF 11 सीटों पर आगे

शुरुआती रुझानों के आंकड़ों के मुताबिक, ZPM 15 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि ज़ोरमथांगा की MNF 11 सीटों पर आगे चल रही है।
09:39

मिजोरम में अगली सरकार का हिस्सा होगी भाजपा: पार्टी नेता वनलालहमुअका

मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष वनलालहमुअका ने दावा किया कि उनकी पार्टी राज्य में अगली सरकार का हिस्सा होगी।

वनलालहमुअका ने कहा कि उन्हें राज्य में कम से कम तीन सीट पर पार्टी की जीत का भरोसा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि हम तीन सीट जीतेंगे। हम पांच से ज्यादा सीट पर जीत की उम्मीद कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा जल्द ही बनने वाली नयी सरकार का हिस्सा होगी।’’ राज्य में 2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक सीट जीती थी।

मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। मतदान के बाद के अधिकतर सर्वेक्षण में मिजोरम में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिलता नहीं दिखाया गया है।

राज्य में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) क्षेत्र में भाजपा के नेतृत्व वाले उत्तर-पूर्व लोकतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा था और केंद्र में उसने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का समर्थन किया लेकिन दोनों दलों ने राज्य में कोई गठबंधन नहीं किया।
09:32

मतगणना 13 केंद्रों पर जारी

मतगणना 13 केंद्रों में की जा रही है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती हुई और ईवीएम में पड़े वोट की गिनती सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हो गई है।
09:27

मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू होते ही आइजोल में एक मतगणना केंद्र के अंदर का दृश्य।

09:22

कांग्रेस 6 सीटों पर आगे, बीजेपी 1 सीट पर

शुरुआती रुझानों से पता चलता है कि मिजोरम में कांग्रेस फिलहाल 6 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि बीजेपी एक सीट पर आगे चल रही है।
09:15

शुरुआती रुझानों में ZPM ने बहुमत का आंकड़ा पार किया

शुरुआती रुझानों में ZPM ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। MNF पीछे चल रहा है।
08:55

शुरुआती रुझानों के मुताबिक ZPM 22 सीटों पर और MNF 8 सीटों पर आगे

मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है, शुरुआती रुझानों में ज़ोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) ने बढ़त बना ली है। पार्टी अब 22 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि MNF 8 सीटों पर आगे चल रही है। रुझानों के मुताबिक कांग्रेस जहां 5 सीटों पर पीछे चल रही है, वहीं बीजेपी शून्य पर है।