अर्थव्यवस्था

India GDP Growth: जुलाई-सितंबर में GDP ग्रोथ रेट घटकर 5.4% पर आई, 7 तिमाहियों में सबसे धीमी रफ्तार

यह लगातार तीसरी तिमाही है जब विकास दर में गिरावट देखी गई

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- November 29, 2024 | 5:59 PM IST

जुलाई-सितंबर तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार में तेज गिरावट दर्ज की गई है। इस तिमाही में GDP विकास दर 5.4% रही, जो पिछले 7 तिमाहियों में सबसे धीमी है। यह पिछली तिमाही के 6.7% के मुकाबले काफी कम है। सकल मूल्य वर्धित (GVA) ग्रोथ भी घटकर 5.6% रह गई, जो पिछले साल इसी तिमाही में 7.7% थी।

मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में गिरावट सबसे ज्यादा रही, जहां विकास दर एक साल पहले के 14.3% से घटकर मात्र 2.2% रह गई। हालांकि, कृषि क्षेत्र ने बेहतर प्रदर्शन किया, जहां इस तिमाही में ग्रोथ 3.5% दर्ज की गई, जो पिछले साल 1.7% थी। H1 (अप्रैल-सितंबर) के GDP ग्रोथ आंकड़े भी कमजोर रहे और 6.0% पर रहे, जो पिछले साल के 8.2% से काफी कम हैं। यह गिरावट पिछले सात तिमाहियों में सबसे कमजोर प्रदर्शन को दर्शाती है।

इस गिरावट की मुख्य वजह बढ़ती खाद्य महंगाई और शहरी खर्च में कमी को माना जा रहा है। महंगाई ने उपभोक्ता खर्च पर दबाव डाला, जिससे खपत में कमी आई। हालांकि, सरकारी खर्च में बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन यह नुकसान की भरपाई करने में नाकाम रहा। भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए GDP ग्रोथ का अनुमान 7.2% पर बरकरार रखा है, जो पिछले वित्त वर्ष के 8.2% से कम है। हालांकि, कई निजी अर्थशास्त्रियों ने अपने अनुमानों में कटौती की है।

 

First Published : November 29, 2024 | 4:10 PM IST