बाजार

InvITs निवेशकों को Q3 में मिला ₹5,565 करोड़ का ‘रिटर्न’; AUM ₹7 लाख करोड़ तक पहुंचा

डिस्ट्रीब्यूशन में यूनिटहोल्डर्स को दिए जाने वाले कुल रिटर्न शामिल होते हैं जिनमें ब्याज, डिविडेंड, पूंजी की वापसी और अन्य आय स्रोत शामिल हैं

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- February 26, 2026 | 6:05 PM IST

बाजार में लिस्टेड इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (InvITs) ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में करीब चार लाख यूनिटहोल्डर्स को कुल 5,565 करोड़ रुपये का ‘रिटर्न’ बांटा है। चालू वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में यूनिटहोल्डर्स को 4,287 करोड़ रुपये का रिटर्न या यील्ड मिला था।

डिस्ट्रीब्यूशन में यूनिटहोल्डर्स को दिए जाने वाले कुल रिटर्न शामिल होते हैं जिनमें ब्याज, डिविडेंड, पूंजी की वापसी और अन्य आय स्रोत शामिल हैं। डिविडेंड कुल डिस्ट्रीब्यूशन का एक हिस्सा होता है, जो अर्जित रिटर्न के हिस्से को दर्शाता है।

InvITs का AUM ₹7 लाख करोड़

तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के दौरान दो नए InvITs ने भी डिस्ट्रीब्यूशन शुरू किया, जो इस सेक्टर की लगातार हो रही ग्रोथ को दर्शाता है। उद्योग संगठन भारत इनविट संघ के अनुसार, InvITs बाजार ने एसेट बेस और निवेशक भागीदारी, दोनों के संदर्भ में स्थिर विस्तार देखा है। दिसंबर, 2025 के अंत तक लिस्टेड इनविट के तहत कुल एसेट अंडर मैनजमेंट (AUM) सात लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गईं।

Also Read: रिटायरमेंट और चिल्ड्रन फंड्स को अलविदा, SEBI लाया नया Life Cycle Funds; क्या है इसमें खास?

इंफ्रास्ट्रक्चर विकास से InvITs को लाभ

संघ ने कहा कि यह वृद्धि सरकार के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर निरंतर ध्यान देने की नीति से समर्थित रही है, जिसे आर्थिक वृद्धि का प्रमुख चालक माना जा रहा है। भारत इनविट संघ के सीईओ एन. एस. वेंकटेश ने कहा, ”इनविट परिवेश तंत्र विस्तार के एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है, जिसमें घरेलू एवं वैश्विक निवेशकों की भागीदारी बढ़ रही है। क्षेत्र के विकास के साथ इनविट मूल्य सृजन, पूंजी के कुशल पुनर्चक्रण और भारत के अवसंरचना निवेश परिदृश्य को गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।”

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : February 26, 2026 | 5:58 PM IST